कलेक्टर ने जांची संजीवनी क्लिनिकों की व्यवस्था, आवश्यक दवाईयों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिये

समय पर न पहुंचने के कारण डॉक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश

उज्जैन, अग्निपथ। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बुधवार को शहर के विभिन्न मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिकों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिन संजीवनी क्लिनिकों पर आवश्यक दवाईयों की सूची चस्पा नहीं की गई, उन क्लिनिकों के चिकित्सकों को निर्देश दिये कि वे आवश्यक दवाईयों की सूची चस्पा करें।

दमदमा स्थित संजीवनी क्लिनिक पर समय पर डॉ.राहुल विश्नोई के न पहुंचने के कारण चिकित्सक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने संजीवनी क्लिनिकों की व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान मरीजों की संख्या, दवाईयों की उपलब्धता, रजिस्टर आदि की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने सर्वप्रथम शासकीय संजीवनी क्लिनिक दशहरा मैदान, नागझिरी स्थित नेहरू नगर, अलखनन्दा नगर, शास्त्री नगर, प्रकाश नगर, मक्सी रोड कंचनपुरा, पांड्याखेड़ी का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सम्बन्धितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान डीएचओ डॉ.एसके सिंह उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन जिले में 38 संजीवनी क्लिनिक स्वीकृत हैं। उज्जैन शहर में 8, नागदा में एक संजीवनी क्लिनिक नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं।

ग्राम तालोद में जनसंवाद, आवास योजना के लाभार्थी व वेटिंग लिस्ट लगाने के निर्देश

कलेक्टर ने नागरिकों की समस्या एवं उनके निदान हेतु ग्राम तालोद में जन-संवाद शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में आमजन की प्राप्त समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के अन्तर्गत हितग्राहियों की सूची एवं प्रतीक्षारत हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायतों में चस्पा करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अपनी-अपनी टेबलों पर जाकर प्राप्त शिकायतों की जानकारी प्राप्त की। जन-संवाद शिविर में विभिन्न विभागों के पास लगभग 136 शिकायतें विभिन्न प्रकार की प्राप्त हुई।

जन-संवाद शिविर में कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड बनवाने, आंगनवाडिय़ों में पोषण आहार, खाद्यान्न, शालाओं में बच्चों की युनिफार्म, पुस्तक वितरण, बिजली समस्या, सोसायटी में उपलब्ध खाद, ग्राम पंचायत द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य केन्द्र आदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

कलेक्टर ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के अन्तर्गत नन्हीं बालिकाओं की माताओं को आश्वासन प्रमाण-पत्र वितरित किये। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों को जन-समस्याओं के आवेदनों के निराकरण शिविर में किन्हीं कारणवश निराकरण नहीं होते हैं, उनके अगले शिविर में निराकरण किया जायेगा। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी ग्रामीण मनोज त्रिवेदी तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Next Post

शराब की कालाबाजारी : तीन ठेकों पर 30 हजार का जुर्माना एक दिन के लिए लाइसेंस निरस्त

Wed Sep 25 , 2024
शिवसेना की शिकायत के बाद आबकारी विभाग आया हरकत में देवास, अग्निपथ। शहर सहित जिलेभर में अधिक दामोंं में बिक रही शराब के मामले में शिवसेना ने विगत दिनों जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की थी। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर कार्यवाही के निर्देश संबंधित […]

Breaking News