जिला पंचायत में आरक्षण हुआ तो महिला प्रत्याशियों के बीच हो सकता है अध्यक्ष के लिए मुकाबला

Zilla panchayat Chunav 2021

उज्जैन, अग्निपथ। पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। शुक्रवार को भी दिन भर प्रदेश के चुनाव अधिकारियों ने उज्जैन के चुनाव प्रक्रिया में लगे अफसरों को चुनाव की ट्रेनिंग दी। दोपहर से चार बजे और शाम चार से सात बजे तक चली ट्रेनिंग में उज्जैन के सभी तहसीलों के तहसीलदार, एआरओ, एसडीएम, मास्टर ट्रेनर, नोडल अधिकारी शामिल रहे।

इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि आज की ट्रेनिंग में चुनाव कराए जाने के संबंध में जानकारी दी गई है। इस जानकारी को अब अफसर अपने निचले स्तर के अफसरों को ट्रेनिंग देंगे।

उज्जैन में दो मास्टर ट्रेनर हैं। वे इस ट्रेनिंग के आधार पर अपना शिडयूल बनाएंगे। इसके बाद सभी निचले स्तर के अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। उज्जैन में 665 ग्राम पंचायतों और इनके 10596 वार्ड एंव जिला पंचायत के 24 वार्डो में चुनाव होना है।

वहीं जनपद पंचायत के 150 वार्ड में चुनाव कराए जाएंगे। इस बार अध्यक्ष पद के लिए ( मिनी विधायक) आरक्षण की प्रक्रिया में एससी महिला या सामान्य महिला के लिए सीट आरक्षित हो सकती है। क्योंकि त्रिस्तरीय चुनाव गठन के बाद से 1994 में सिद्धनाथ परिहार एससी वर्ग से अध्यक्ष बने, 2000 में ओबीसी वर्ग से महेश पटेल अध्यक्ष बने, सामान्य वर्ग से 2005 में कानसिंह राठौर अध्यक्ष, महिला ओबीसी वर्ग से विष्णु आंजना 2010, अजा पुरुष वर्ग से महेश परमार 2015 में और उनके इस्तीफे के बाद 2019 में करण कुमारिया अध्यक्ष बने। इस तरह से महिला अजा और महिला सामान्य महिला के लिए सीट आरक्षित नहीं हुई है।

एक वार्ड में 55 से 65 हजार मतदाता

बताया जाता है कि जिला पंचायत के 24 वार्डो में से प्रत्येक में 55 से 65 हजार के करीब मतदाता रहते हैं और इन मतदाताओं के द्वारा सीधे जिला पंचायत के सदस्य को चुना जाता है। इस चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को चुनाव का सिंबल नहीं देती है। दावेदार व्यक्तिगत छवि और मेहनत के आधार पर चुनाव लड़ते हैं और जीतते हैं। ये दावेदार मिनी विधायक कहलाते हैं। इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा होने की संभावना बताई जा रही है।

ये वार्ड हंै अभी महिलाओं के लिए आरक्षित

मिली जानकारी के मुताबिक इस समय जिला पंचायत के 24 वार्ड में से वार्ड नंबर 2, 10, 11,14 और 16 नंबर सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। वहीं अजा महिला के लिए वार्ड नंबर 3 और छह नंबर आरक्षित हैं। इसमें 3 नंबर वार्ड ताजपुर (उज्जैन)और छह नंबर घट्टिया का है। जबकि वार्ड 11 और 14 महिदपुर के हैं और 16 वार्ड खाचरौद का है।

Next Post

बिलोटीपुरा में तीन बदमाशों ने मचाया उपद्रव, श्रद्धालुओं की बसों के फोड़े कार, दो बाइक जलाई

Fri Nov 12 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। बाइक सवार तीन बदमाशों ने गुरुवार-शुक्रवार रात जमकर उपद्रव किया। बदमाशों ने धार्मिक यात्रा पर आये श्रद्धालुओं की 2 बसों के कांच फोड़ दिये। 2 कारों को क्षतिग्रस्त किया, उसके बाद घर के बाहर खड़ी 2 बाइक में जला दी। फुटेज के आधार पर बदमाशों को तलाशा जा रहा […]
Ujjain Bus Kaanch Phode 12112021