आकाश में ग्रहों की परेड, 8 इंच के टेलिस्कोप से दिखाएंगे चांद की सतह

5 दिन के शिविर में बच्चों को शनि, शुक्र, बृहस्पति, मंगल ग्रह से जुड़ी जानकारी भी देंगे

उज्जैन, अग्निपथ। वेधशाला में स्थापित 8 इंच के टेलिस्कोप की मदद से बच्चों को चंद्रमा की सतह का अवलोकन कराया जाएगा। शिविर का समय शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक रखा गया है, जो आकाशीय पिंडों को देखने के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इस दौरान बच्चों को सौर मंडल के विभिन्न ग्रहों जैसे शनि, शुक्र, बृहस्पति और मंगल की पहचान करना सिखाया जाएगा। साथ ही इन ग्रहों से जुड़ी महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

यह शिविर बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और खगोल विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वेधशाला द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों को प्रत्यक्ष रूप से ब्रह्मांड की विशालता और रहस्यों को समझने का अनूठा अवसर प्रदान करेगा। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया कि वेधशाला में आयोजित शिविर में 10 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे शामिल हो सकेंगे।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को 8 इंच व्यास के टेलिस्कोप से चन्द्रमा की सतह के गड्ढ़े, पहाड़, सौर मंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति की सतह की पट्टियां एवं उसके उपग्रह, सौर मंडल के सबसे सुन्दर ग्रह शनि और उसके वलय, मंगल ग्रह और उसकी लाल आभा के साथ शुक्र ग्रह का अवलोकन करवाया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से 20 रुपए शुल्क लिया जाएगा।

बिना उपकरण के देख सकते हैं चार ग्रह

सायन गणना के अनुसार सूर्य कुम्भ राशि में 14 अंश 40 कला पर है। सूर्यास्त का समय शाम 6.15 बजे है। पश्चिम की ओर क्षितिज से लगभग 45 अंश ऊपर सबसे चमकदार शुक्र ग्रह दिखाई दे रहा है। शुक्र ग्रह मीन राशि में 29 अंश 12 कला पर है। पश्चिम की ओर क्षितिज से लगभग 30 अंश ऊपर शुक्र ग्रह के नीचे सबसे सुन्दर ग्रह शनि दिखाई दे रहा है। शनि ग्रह भी मीन राशि में 17 अंश 41 कला पर है। सौर परिवार का सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति मिथुन राशि में 11 अंश 17 कला पर है।

इसे संध्या के समय सिर के ऊपर देखा जा सकता है। पृथ्वी से समानता रखने वाला लाल ग्रह मंगल कर्क राशि में 19 अंश 50 कला पर है। मंगल ग्रह को पूर्व दिशा में क्षितिज से लगभग 45 अंश ऊपर चमकदार तारे के रूप में देख सकते हैं। इस प्रकार पश्चिम से पूर्व की ओर सूर्यास्त के बाद शनि, शुक्र, बृहस्पति एवं मंगल ग्रह का अवलोकन बिना किसी उपकरण की सहायता से कर सकते हैं। चार खगोलीय पिण्डों के अवलोकन एवं अपनी जिज्ञासा के समाधान का यह सबसे उपयुक्त अवसर है।

Next Post

रग्बी फुटबाल एसोसिएशन मध्य प्रदेश की विशेष साधारण सभा में राजेश सिंह कुशवाह प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित

Sun Feb 2 , 2025
उज्जैन, अग्निपथ। रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन – मध्य प्रदेश की विशेष साधारण सभा का आयोजन आज होटल अथर्व उज्जैन में प्रदेश अध्यक्ष आनंद पंड्या की अध्यक्षता में किया गया जिसमें संपन्न निर्वाचन में राजेश सिंह कुशवाह कार्य परिषद सदस्य विक्रम विश्वविद्यालय को निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। यह जानकारी देते […]