मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
उज्जैन, अग्निपथ। जुलाई महीने की शुरुआत के साथ ही उज्जैन में बारिश ने जोर पकड़ लिया है। माह के दूसरे दिन शहर में सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया, जो दोपहर तक जारी रहा। इस दौरान करीब पौन इंच (13.6 मिमी) बारिश दर्ज की गई।
शहर में बारिश की स्थिति और तापमान
सुबह 8:30 बजे से शुरू हुई बारिश बीच-बीच में रुककर फिर से तेज होती रही। बारिश का दौर कभी तेज तो कभी मध्यम रहा और दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चे और उनके अभिभावक परेशान होते रहे। बुधवार तक इस सीजन की कुल 205 मिमी बारिश हो चुकी है। हालांकि, दिन का तापमान आधा डिग्री बढ़ गया था, लेकिन रात के तापमान में आधे डिग्री की गिरावट आई है।
मानसून और भविष्य का पूर्वानुमान
जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. आर.पी. गुप्त ने बताया कि सामान्यतः जुलाई के पहले ही उज्जैन में दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगमन हो जाता है। मानसून द्रोणिका, एक लंबी कम दबाव वाला क्षेत्र, मानसून की अर्ध-स्थायी विशेषताओं में से एक है। दक्षिण की ओर इसका प्रवास क्षेत्र में सक्रिय/जोरदार मानसून लाता है। इसके विपरीत, इस द्रोणिका का उत्तर की ओर प्रवास क्षेत्र में मानसून की स्थिति में व्यवधान लाता है, जिससे वर्षा के दौर में रुकावट आती है। मानसून में व्यवधान की वजह से तापमान बढ़ता है और वातावरण उमस भरा तथा असुविधाजनक हो जाता है। जुलाई के दौरान कभी-कभी भारी से अति भारी वर्षा भी होती है। सतही हवा सामान्यतः पश्चिम से आती है। जुलाई माह का औसत अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहता है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इस माह में सबसे अधिकतम और न्यूनतम आर्द्रता 60 से 85 प्रतिशत के बीच होती है।
माह की स्थिति (अभिलेख के आधार पर)
- पहला सप्ताह: बादलों की आवाजाही का क्रम जारी रहेगा। सुबह-शाम तेज हवा चलने के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
- दूसरा सप्ताह: बारिश की आमद कहीं सुबह तो कहीं शाम को रहने की उम्मीद है। दोपहर में धूप निकलेगी, लेकिन तेवर ज्यादा तीखे नहीं रहेंगे।
- तीसरा सप्ताह: नमी बढ़ेगी। उमस से राहत मिलने का अनुमान है। रात के तापमान में दिन की तुलना में ज्यादा कमी आ सकती है।
- चौथा सप्ताह: कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। दिन के साथ रात के तापमान में गिरावट का क्रम शुरू हो जाएगा।