उज्जैन, अग्निपथ। धर्मधर्मी उज्जैन में आज चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष का उल्लास चरम पर है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के इस पावन अवसर पर शिप्रा के तट से लेकर महाकाल के आंगन तक अवंतिका नगरी नव-संवत्सर के स्वागत में सराबोर है। ब्रह्म पुराण के अनुसार, इसी दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि का सृजन किया था, जिसे आज ‘सृष्टि आरंभ दिवस’ के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
नववर्ष की पहली किरण के साथ ही शिप्रा के रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में परंपरा अनुसार ध्वज बदला गया, वहीं शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में नवरात्रि के चलते भक्तों का तांता लगा रहा। नौ दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में उज्जैन के सभी देवी मंदिरों में विशेष साज-सज्जा और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
सिंहपुरी की विशाल गेर और सांस्कृतिक संगम
शाम होते ही पुराने शहर में सिंहपुरी की पारंपरिक और रंगारंग ‘गेर’ निकाली जाएगी। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित इस गेर में ढोल-ताशों के साथ गुरु मंडली का अखाड़ा, श्री आताल-पाताल महाभैरव का रथ, ऊँट, घोड़े और आकर्षक झाकियां शामिल रहेंगी। शाम 7 बजे यह गेर सिंहपुरी से प्रारंभ होकर मोढ की धर्मशाला और गणगौर दरवाजा तक पहुंचेगी। साथ ही, शिप्रा तट पर ‘गीत-संगीत’ का एक विशाल आयोजन भी होगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर उज्जैन की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
उर्दूपुरा में महर्षि गौतम जयंती और सम्मान समारोह
इधर, उर्दूपुरा स्थित गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की धर्मशाला में गुरुवार को महर्षि गौतम जयंती के उपलक्ष्य में भव्य चल समारोह और सम्मान समारोह आयोजित होगा। श्री महर्षि गौतम गुर्जर गौड़ ब्राह्मण न्यास के अध्यक्ष पंडित विजय शर्मा ने बताया कि दोपहर 2 बजे साधारण सभा की बैठक के पश्चात शाम 5 बजे से शौर्य प्रदर्शन के साथ चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें 11 ढोल, बैंड, बग्घियों में महर्षि गौतम और भगवान महाकाल के सेहरा दर्शन की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी।
इस अवसर पर समाज के नवजात बच्चों की ‘ढूँढ’ की रस्म निभाई जाएगी। साथ ही, पंडित जस्सू गुरुजी महाराज को ‘महंत’ की उपाधि मिलने और श्रीमती माया राजेश त्रिवेदी के पुनः राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष मनोनीत होने पर समाज द्वारा उनका भव्य अभिनंदन किया जाएगा। न्यास, महिला मंडल और युवक संघ ने सभी समाजजनों से इन आयोजनों में शामिल होकर नववर्ष के उत्सव को सफल बनाने का अनुरोध किया है।
