उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के तुलाहेड़ा टोल नाके के समीप बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में हरियाणा का एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना उस समय हुई जब आगे चल रहे एक आयशर वाहन का पहिया अचानक फट गया। पीछे से हरी सब्जियां भरकर आ रहा दूसरा आयशर वाहन अनियंत्रित होकर उससे जा भिड़ा। इस संकट की घड़ी में एक स्थानीय ढाबा संचालक ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुँचाया।
टायर फटने से बिगड़ा संतुलन, पीछे से घुसा वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशिक पिता मोहब्बत खान, निवासी हरियाणा जिला सिलको, अपने आयशर वाहन में पीथमपुर से हरी सब्जियां भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 5 बजे जब वह गरोठ रोड पर तुलाहेड़ा टोल नाके के पास पहुँचा, तब उसके आगे चल रहे एक अन्य आयशर वाहन का पहिया अचानक फट गया। टायर फटने से आगे वाले वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पीछे से आ रहा आशिक का वाहन उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशिक के सिर में गंभीर चोटें आईं।
मानवता की मिसाल: ढाबा संचालक ने समय पर दी मदद
हादसे की सूचना मिलते ही पास के ढाबा संचालक अमीन पिता इस्माइल तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल आशिक को अपनी गाड़ी में बैठाया और जिला अस्पताल लेकर आए। समय पर इलाज मिलने से घायल की जान बच सकी। फिलहाल जिला अस्पताल में आशिक का उपचार जारी है।
आगर रोड पर स्कुटी सवार को बोलेरो ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटर सवार 50 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बोलेरो चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काम पर जाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, शकूर पिता सादिक खान (50), निवासी विराटनगर, जो गाड़ियों में ग्रीस डालने का कार्य करते हैं, सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर से मोहन नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने बोलेरो क्रमांक एमपी 13 जी ए 6459 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुँची और घायल शकूर को अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
