दोहरे उत्पीड़न से टूट गई थी होनहार एथलीट
देवास, अग्निपथ। जुजित्सु (मार्शल आर्ट) की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिणी कलम की आत्महत्या के मामले में देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश जुजित्सु संघ के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। रोहिणी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कोच विजेंद्र खरसोदिया और उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उपाध्यक्ष को जेल भेज दिया है, जबकि कोच खरसोदिया फरार है।
बीमारी और निजी जीवन में दखल से गहराया था तनाव
जाँच में सामने आया है कि रोहिणी कलम गहरे तनाव में थीं, जिसके दो मुख्य कारण थे:
स्वास्थ्य और खेल का दबाव: रोहिणी का मई 2025 में ओपन मायोमेटिमी का बड़ा ऑपरेशन हुआ था, जिसमें उनके पेट से ढाई किलो की गांठ निकाली गई थी। इस बीमारी के कारण वह लगातार दर्द और कमजोरी महसूस कर रही थीं। इसके बावजूद कोच विजेंद्र खरसोदिया कथित तौर पर उन्हें आराम नहीं करने देते थे और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए लगातार दबाव बनाते थे।
निजी जिंदगी में हस्तक्षेप: पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह रोहिणी के निजी जीवन में अधिक दखल देते थे और उन्हें अन्य लोगों से बात नहीं करने देते थे। इसके अलावा, रोहिणी सरकारी नौकरी न मिल पाने को लेकर भी तनाव में थीं और उन्होंने संघ के पदाधिकारियों से अपनी निराशा व्यक्त की थी।
बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि आत्महत्या से ठीक पहले रोहिणी की प्रीतम सिंह से फोन पर बात हुई थी। रोहिणी ने कथित तौर पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा था कि “आप लोग मेरे लिए कुछ नहीं करवा पा रहे।”
जाँच की उलझन और परिजनों की मांग
रोहिणी ने पिछले माह 26 अक्टूबर को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने के कारण शुरुआती जाँच उलझ गई थी। रोहिणी के परिजनों ने समाजजनों के साथ मिलकर निष्पक्ष जाँच की मांग करते हुए बार-बार एसपी कार्यालय में आवेदन दिए थे। परिजनों की मांग पर ही पुलिस ने आरोपियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले, जिससे उत्पीड़न की बात सामने आई। अब रोहिणी के परिजन पूरे मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं।
गौरवशाली खेल उपलब्धियाँ
35 वर्षीय रोहिणी कलम ने एशियाई खेलों (हांगझोऊ) में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने थाईलैंड ओपन ग्रैंड प्रिक्स 2022 में कांस्य पदक जीता था। इसके अतिरिक्त, 8वीं एशियाई जुजित्सु चैंपियनशिप 2024 (अबू धाबी) में युगल क्लासिक स्पर्धा में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। वह आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के पद पर कार्यरत थीं।
पुलिस ने गिरफ्तार उपाध्यक्ष और फरार कोच के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 3(5) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
