इंदौर, अग्निपथ। इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में खुशियों वाले एक सगाई समारोह में रिश्तेदारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खाने-पीने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष ने एक युवक पर डंडों और पेचकस से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपियों सहित 4 नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
सगाई में हुआ झगड़ा, बायपास पर घेरकर किया हमला
तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार, मृतक की पहचान महादेव नगर निवासी शुभम (22) पुत्र संगतनाथ के रूप में हुई है। बुधवार रात शुभम उमरीखेड़ा में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहाँ किसी बात को लेकर रिश्तेदारों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर शुभम अपने साथियों के साथ कार्यक्रम से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोपियों ने शुभम को बायपास पर घेर लिया और डंडों व पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपियों को दबोचा, परिवार में पसरा मातम
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दशरथ नाथ, शिवानाथ, किशोर और सूरज सहित कुल 8 लोगों को पकड़ा है, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार हैं। शुभम शहर की दुकानों पर नींबू-मिर्ची बांधने का काम कर अपने परिवार की मदद करता था। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं और माँ मजदूरी करती है। इस घटना के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
