उज्जैन की तीन बेटियों का कमाल: इलायची और मसूर की दाल पर उकेरी भगवान की आकृतियां, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

राशि निगम

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल की नगरी उज्जैन की तीन युवा छात्राओं ने सूक्ष्म कला (माइक्रो आर्ट) में अद्भुत उपलब्धि हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। मसूर की दाल, इलायची और मात्र 5 सेंटीमीटर के शंख जैसी छोटी वस्तुओं पर देवी-देवताओं की बारीक आकृतियां उकेरकर इन छात्राओं ने विभिन्न वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज कराया है। तीनों छात्राएं उज्जैन के एक निजी फाइन आर्ट्स कॉलेज में अध्ययनरत हैं।

इलायची पर उकेरे भगवान गौतम बुद्ध

19 वर्षीय अपेक्षा गोखरू फाइन आर्ट्स प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उन्होंने एक छोटी सी इलायची पर पोस्टर कलर की सहायता से भगवान गौतम बुद्ध की अत्यंत सूक्ष्म आकृति बनाई है। इसी माह तैयार की गई इस कलाकृति को सूक्ष्म कला श्रेणी में ‘वर्ल्ड वाइड बुक’ में स्थान मिला है। अपेक्षा को उनके चयन की आधिकारिक सूचना प्राप्त हो गई है।

5 सेंटीमीटर के शंख पर अष्टविनायक

20 वर्षीय राशि निगम ने मात्र 5 सेंटीमीटर के छोटे से शंख पर एक्रेलिक रंगों से भगवान गणेश के अष्टविनायक स्वरूप को उकेरा है। खास बात यह रही कि उन्होंने यह जटिल आकृति केवल 30 मिनट में तैयार कर दी। उनकी इस रचना को ‘सबसे छोटी आकृति’ श्रेणी में सराहा गया है। राशि का नाम वर्ल्ड वाइड बुक, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और यूनिक बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। जनवरी में बनाई गई इस कलाकृति के लिए उन्हें ईमेल से चयन की सूचना मिली तथा प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान किया गया है। राशि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है।

मसूर की दाल पर जगन्नाथ त्रिमूर्ति

तीसरी प्रतिभाशाली छात्रा भूमि कसेरा ने मसूर की दाल के तीन अलग-अलग दानों पर भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम की सूक्ष्म आकृतियां उकेरी हैं। लगभग 10 मिनट में तैयार की गई इन बारीक कलाकृतियों ने उन्हें ‘वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में स्थान दिलाया है।

इन छात्राओं की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल है, बल्कि उज्जैन शहर भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सूक्ष्म कला के क्षेत्र में इनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

Next Post

मकान निर्माण के दौरान धूल उडऩे पर पिता पुत्र ने मजदूर को फावड़े और बेल्ट से पीटा

Mon Feb 23 , 2026
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, केस दर्ज उज्जैन, अग्निपथ। पंवासा थाना क्षेत्र स्थित पांड्याखेड़ी में मकान निर्माण के दौरान धूल उडऩे पर पडोसियों ने मजदूर पर फावडे और बेल्ट से हमला कर दिया। पुलिस ने मजदूर की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज […]

Breaking News