उज्जैन-गरोठ टोलनाके पर दबिश, टोल शुल्क को लेकर विवाद के बाद जमकर तोड़फोड़

उज्जैन, अग्निपथ। घटिया थाना क्षेत्र के पानबिहार पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले उज्जैन-गरोठ टोलनाके पर बीती रात जमकर हंगामा हुआ। टोल शुल्क देने को लेकर हुए विवाद के बाद आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और वहां लगे उपकरणों में तोड़फोड़ कर दी। करीब 15 मिनट तक चले इस उपद्रव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रसूख दिखाने पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है, जब मोहन सिंह चौहान नामक व्यक्ति अपनी कार से वहां से गुजर रहे थे। टोल कर्मचारियों द्वारा शुल्क के लिए बैरिकेड्स लगाने पर मोहन सिंह ने अपना परिचय देते हुए बिना शुल्क चुकाए गाड़ी निकालने की बात कही। इसी बात पर कर्मचारियों और उनके बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मोहन सिंह के परिजन और दोस्त लाठी-डंडे लेकर टोलनाके पर पहुंच गए।

सीसीटीवी में कैद हुई गुंडागर्दी

टोलनाके पर हुई इस तोड़फोड़ की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर और हेलमेट पहनकर कंप्यूटर, कैमरे और अन्य सामान तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। हमले में टोल के स्टॉपर और अन्य तकनीकी उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआत में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया था, लेकिन तोड़फोड़ का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की है। इस मामले में मोहन सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, गोपाल चौधरी, अरुण बैरागी और रोहित चौधरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने इन सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हमले में अन्य कौन-कौन शामिल थे।

Breaking News