उज्जैन, अग्निपथ। पूर्णिमा श्री सेवा संगठन द्वारा जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में अब तक 14 स्थानों पर शिविर संपन्न हो चुके हैं, जिनमें हजारों नागरिकों ने हृदय रोग विशेषज्ञों से परामर्श और उपचार का लाभ लिया। इसी कड़ी में रविवार को पीपलीनाका और रविशंकर नगर में शिविर आयोजित किए गए, जबकि सोमवार को महिदपुर के झुठावद और शहर के दानीगेट क्षेत्र में जांच की जाएगी।
अभियान के मुख्य संयोजक सत्यनारायण खोईवाल ने बताया कि रविवार को पीपलीनाका स्थित मारवाड़ी माली समाज धर्मशाला में इंदौर के चोईथराम हॉस्पिटल के सहयोग से शिविर लगा। वहीं, वार्ड 29 के रविशंकर नगर स्थित संजीवनी क्लिनिक पर देवास के अमलतास सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं। इन शिविरों में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व महापौर मीना विजय जोनवाल और पार्षद गब्बर भाटी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आज महिदपुर और दानीगेट में लगेंगे शिविर
अभियान के अगले चरण में सोमवार, 9 फरवरी को दो महत्वपूर्ण स्थानों पर शिविर आयोजित होंगे। पहला शिविर महिदपुर तहसील के ग्राम झूठावद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया जाएगा। वहीं, उज्जैन शहर के वार्ड क्रमांक 12 के अंतर्गत दानीगेट स्थित अनंतपेठ मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर भी हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन और संगठन की स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील
जिलाधीश रोशन कुमार सिंह, सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के अध्यक्ष विक्रमसिंह गोंदिया ने नागरिकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं नि:शुल्क पहुंचाना है। इस कार्य में संगठन के पदाधिकारी धर्मेंद्रसिंह भदौरिया, प्रकाश गोमे और दीपक अग्रवाल सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
