उज्जैन, अग्निपथ। होली और रंगपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उज्जैन पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया है। इस दौरान गुंडा सूचीबद्ध, निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों को थानों में बुलाकर काउंसलिंग की गई और सख्त चेतावनी दी गई।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ यह अभियान चलाया गया।
होली पर माहौल बिगाड़ा तो कार्रवाई
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गुंडा सूचीबद्ध बदमाशों, निगरानी अपराधियों और पूर्व में शांति भंग के मामलों में लिप्त आरोपियों को थानों पर तलब किया गया। थाना स्तर पर बुलाए गए इन आरोपियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि यदि त्योहार के दौरान वे मारपीट, हुड़दंग, जबरन रंग डालना, महिला उत्पीडऩ, धार्मिक भावनाएं भडक़ाने, अवैध शराब या मादक पदार्थों के सेवन/विक्रय अथवा किसी भी अन्य शांति भंग की गतिविधि में संलिप्त पाए गए, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत सभी संबंधित आरोपियों से प्रतिबंधात्मक धाराओं में बांड भरवाए गए। इसके अतिरिक्त, उनके डोजियर फॉर्म अपडेट किए गए, जिसमें आपराधिक इतिहास, वर्तमान गतिविधियां, निवास और संपर्क विवरण सहित संभावित जोखिम की जानकारी दर्ज की गई। थानों में उपस्थित इन आरोपियों को शांति और सौहार्द बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
15 दिन से चल रही बैठकें
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि होली को लेकर पिछले 15 दिनों से बैठकें चल रही हैं। सभी आयोजनकर्ताओं के साथ बैठकें की गई हैं और सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। होलिका दहन में कोई समस्या न हो, इसके लिए आयोजनकर्ताओं को पाबंद किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि महिलाएं और बच्चे भी इन आयोजनों में सुरक्षित रूप से शामिल हो सकें, इसके लिए हर थाने में उपद्रवी तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बाउंडओवर की कार्रवाई की गई है। जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
