उज्जैन मंडी में किसान की उपज तौल में धोखाधड़ी: कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, व्यापारी पर प्रकरण दर्ज

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन मंडी में एक व्यापारी द्वारा किसान की उपज की तौल में धोखाधड़ी करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई में हो रही देरी के विरोध में उज्जैन जिला कांग्रेस ने मंडी परिसर में जमकर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की। कांग्रेस के कड़े विरोध के बाद चिमनगंज थाना पुलिस ने संबंधित व्यापारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

मामला पांच दिन पुराना है, जब ताजपुर निवासी किसान इदरीश खान अपनी गेहूं की फसल नीलामी के लिए मंडी लेकर आए थे। किसान का आरोप है कि कटप्पा कंपनी के व्यापारी द्वारा मंडी से बाहर उपज तुलवाकर उनके साथ धोखाधड़ी की गई, जिसमें करीब 84 किलो गेहूं कम तोला गया। किसान ने इसकी सूचना किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक जाट को दी, जिन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी।

प्रति क्विंटल 5 से 20 किलो की चोरी का आरोप

पांच दिन बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मंडी में धरना दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कांटों में छेड़छाड़ कर प्रति क्विंटल 5 से 20 किलो तक की चोरी की जा रही है और किसानों पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। इस धोखाधड़ी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मामले में संलिप्त सभी पांचों व्यापारियों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

विधायक और शहर अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

तराना विधायक महेश परमार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी भी किसानों के समर्थन में मंडी पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उचित कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन समय तक जारी रहेगा। विधायक परमार ने कलेक्टर से चर्चा का हवाला देते हुए किसानों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने ग्राम दुदरसी निवासी कटप्पा कंपनी के व्यापारी कमलसिंह पिता शंकर आंजना के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।

व्यापारी का लाइसेंस होगा निरस्त

मंडी सचिव राजेश गोयल ने बताया कि नापतौल विभाग द्वारा भी इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के तौर पर संबंधित व्यापारी की आईडी बंद कर दी गई है। इसके साथ ही आरोपी व्यापारी का लाइसेंस निरस्त करने की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में किसानों के साथ ऐसी धोखाधड़ी न हो सके।

Next Post

महाकाल मंदिर के गेट नंबर 1 पर महिला गार्ड और पंडित में विवाद: मंदिर समिति ने दोनों पर की कार्रवाई

Mon Mar 2 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को गेट नंबर 1 (अवंतिका द्वार) से श्रद्धालुओं के प्रवेश को लेकर एक निजी सुरक्षा एजेंसी की महिला गार्ड ज्योति परमार और पंडित कमलेश शर्मा के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर समिति ने सख्त रुख अपनाते हुए […]

Breaking News