उज्जैन में गहराया गैस संकट: ईरान-अमेरिका युद्ध की तपिश अब रसोई तक

उज्जैन, अग्निपथ। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध के बादलों ने अब विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी उज्जैन की रसोई का गणित बिगाड़ दिया है। मध्य पूर्व में जारी भारी तनाव के कारण भारत में गैस की आपूर्ति बाधित होने की आशंका गहरा गई है। इस अंतरराष्ट्रीय संकट का सीधा असर स्थानीय स्तर पर देखने को मिल रहा है, जहाँ घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अब 25 दिन के लंबे अंतराल के बाद ही संभव हो पा रही है। जो सिलेंडर बुकिंग के अगले दिन घर पहुँच जाता था, अब उसके लिए उपभोक्ताओं को हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है।

कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति ठप

शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत सबसे अधिक देखी जा रही है। पिछले दो दिनों से डीलरों के पास कमर्शियल स्टॉक न होने के कारण होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को गैस देना बंद कर दिया गया है। उज्जैन की अधिकांश गैस एजेंसियों के पास फिलहाल स्टॉक शून्य है, जिससे कई भोजनालय बंद होने की कगार पर पहुँच गए हैं। शहर में संचालित इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल की करीब 23 एजेंसियों ने फिलहाल कंपनियों के निर्देशानुसार कमर्शियल बुकिंग रोक दी है। स्थिति यह है कि रेस्टोरेंट संचालक घंटों डीलर के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।

पैनिक बुकिंग और सख्त हुए नियम

आपूर्ति की अनिश्चितता को देखते हुए उपभोक्ताओं में ‘पैनिक बुकिंग’ का माहौल है। एजेंसी संचालकों के अनुसार, लोग भविष्य के संकट से डरकर दबाव में बुकिंग करा रहे हैं। आपूर्ति श्रृंखला को व्यवस्थित करने के लिए अब कड़े नियम लागू किए गए हैं। अब घरेलू गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद ही स्वीकार की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सिलेंडर की डिलीवरी में भी 5 से 7 दिन का समय लग सकता है। अब बुकिंग केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही होगी और बिना ई-केवाईसी के कोई भी बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में यदि अंतरराष्ट्रीय हालात नहीं सुधरे, तो गैस की किल्लत और अधिक बढ़ने की संभावना है।

Next Post

उज्जैन के इंजीनियर से करोड़ों की ठगी: तेलंगाना से धराया मटन दुकानदार

Tue Mar 10 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। धर्म और विश्वास की नगरी उज्जैन में एक सेवानिवृत्त इंजीनियर की मेहनत की कमाई पर साइबर ठगों ने बड़ी ही चालाकी से डाका डाल दिया। निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये का मायाजाल बुनने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राज्य साइबर सेल ने तेलंगाना से एक मुख्य […]

Breaking News