उज्जैन, अग्निपथ। धार्मिक नगरी उज्जैन में गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के ढांचाभवन इलाके में आपसी रंजिश के चलते 10 से 12 बदमाशों ने एक हिस्ट्रीशीटर के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने दिनदहाड़े विरोधी बदमाश के घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
जानकारी के अनुसार, यह वारदात 11 अप्रैल शनिवार की बताई जा रही है। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हिस्ट्रीशीटर रौनक गुर्जर के मकान के सामने अचानक हथियारों से लैस बदमाशों का जमावड़ा लगता है। वीडियो में कुछ बदमाश सड़क पर पैदल दौड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके कुछ साथी कुछ ही दूरी पर बाइकों पर तैयार खड़े हैं। इसी दौरान एक बदमाश हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर तेजी से दौड़ता हुआ आता है और रौनक के मकान के दरवाजे पर पेट्रोल छिड़क देता है। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, दूसरे बदमाश ने आग दिखा दी। पलक झपकते ही मकान की दीवारें और दरवाजा आग की लपटों में घिर गया।
10 साल पुरानी दुश्मनी और हफ्ता वसूली का विवाद
रौनक गुर्जर के घर पर हुए इस हमले के पीछे लंबी और खूनी गैंगवार की हिस्ट्री बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह विवाद करीब 10 साल पुराना है। शुरुआत में रौनक गुर्जर और जीतू बुंदेला के बीच अपने-अपने क्षेत्रों में हफ्ता वसूली (अवैध वसूली) को लेकर वर्चस्व की लड़ाई शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह रंजिश एक बड़ी गैंगवार में तब्दील हो गई। जीतू बुंदेला के जेल जाने के बाद अब यह दुश्मनी उसके बेटे यशवेंद्र उर्फ छब्बू बुंदेला और रौनक के बीच जारी है।
छब्बू बुंदेला गैंग पर हमले का आरोप
बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने पहुँचे बदमाश यशवेंद्र उर्फ छब्बू बुंदेला के गिरोह के सदस्य हैं। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते पहले भी कई बार आमने-सामने झड़पें और हमले हो चुके हैं। छब्बू बुंदेला का नाम केवल मारपीट ही नहीं, बल्कि ड्रग्स तस्करी जैसे गंभीर मामलों से भी जुड़ा रहा है। वह मारपीट के एक पुराने मामले में पहले से ही फरार चल रहा है। कुछ समय पहले जस्सू के ढाबे पर भी छब्बू ने एक बदमाश पर हमला किया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस की कार्रवाई और पहचान
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है। टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं। वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज में बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नजर आ रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। ढांचाभवन जैसे रिहायशी इलाके में इस तरह की वारदात से स्थानीय निवासियों में भारी डर व्याप्त है।
