उज्जैन में छाया कोहरा: स्कूलों का समय सुबह 9 बजे बाद

रात के तापमान में वृद्धि देखी गई

उज्जैन, अग्निपथ। मंगलवार को भी दिन में ठंड का अहसास हुआ, हालांकि दिन और रात के तापमान में वृद्धि तो दर्ज की गई है। लेकिन सुबह से शहर में घना कोहरा दिखाई दिया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब तेज ठँड दस्तक देगी। कोहरा छाने का असर सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों और राहगीरों पर पड़ा। ठंड को देखते हुए उज्जैन कलेक्टर ने स्कूल का समय बदलकर सुबह 9 बजे कर दिया है।
उज्जैन में गिरे मावठे के बाद शहर का मौसम बदल गया है। मंगलवार अल सुबह से ही शहर में घना कोहरा छाया रहा। देवास, इंदौर, मक्सी,आगर सहित बडऩगर रोड पर भी कोहरा दिखाई दिया। इससे वाहन चलाने में काफी दिक्कत आई। शहर में भी सुबह घूमने वाले राहगीरों को भी मंगलनाथ मार्ग, बडऩगर रोड, कोठी रोड पर कोहरा मिला तो वहीं स्कूल और अल सुबह जाने वाले कामकाजी लोगों को भी कोहरे से काफी परेशानी हुई। जीवाजीराव वेधशाला के जानकारों की मानें तो वातावरण में नमी बढऩे के कारण सुबह का तापमान कम हो जाता है, लिहाजा वाष्प कण जम जाते हैं, जोकि कोहरे के रूप में दिखाई देते हैं।

धूप निकलने से बढ़ा तापमान

वेधशाला अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ को आगे की ओर बढ़ गया है। बादल साफ तो हो गये हैं, लेकिन मंगलवार को दिन में धूप निकलने के कारण दिन का तापमान बढ़ गया है। वहीं उत्तरी हवाओं की गति भी सुबह 2 और शाम को 4 किमी प्रतिघंटा होने के कारण पारे में उछाल दर्ज किया गया है। मंगलवार को यही हुआ भी। दिन का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री से बढक़र 24.8 डिग्री सेल्यिस दर्ज हुआ। वहीं सोमवार मंगलवार दरमियानी रात का न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री से बढक़र 17 डिग्री हो गया।

जिले में कक्षा 8 वीं तक स्कूलों के संचालन का समय परिवर्तित

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के आदेश अनुसार उज्जैन जिले के अंतर्गत संचालित शासकीय/ अशासकीय/ सी.बी.एस.ई./ आई.सी.एस.ई/ माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं समस्त बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में शीत ऋतु एवं तापमान में आई गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए जिले की कक्षा नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के समस्त विद्यालयों हेतु समय में परिवर्तन करते हुए शाला संचालन का समय प्रात: 9 बजे के पूर्व एवं शाम 4 बजे के पश्चात नहीं रखा जाएगा, अर्थात विद्यालयों का समय प्रात: 9 बजे से शाम 4 बजे के मध्य ही होगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होकर आगामी 31 जनवरी 2024 तक लागू रहेगा। उक्त जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी आनंद शर्मा द्वारा दी गई।

Next Post

प्लॉट पर कब्जे से दु:खी वृद्ध ने जहर खाकर दी जान

Tue Nov 28 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। परिवार के सदस्यों द्वारा ही प्लाट पर कब्जा करने से दुखी वृद्ध ने मंगलवार सुबह जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सुमराखेड़ा में रहने […]
सामूहिक आत्महत्या

Breaking News