उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ढांचा भवन इलाके में शनिवार रात करीब 12 बजे गोली चलने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हमले में 12वीं कक्षा का एक 18 वर्षीय छात्र घायल हुआ है, जिसके पैर में गोली लगी है। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद घायल छात्र खुद लहूलुहान हालत में पैदल चलकर थाने पहुंचा, जिसे देख पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। पुलिस ने तत्काल उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले को संदिग्ध मानकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
घर के पास एक्टिवा सवार नकाबपोशों ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, ढांचा भवन निवासी अतीक (18) पिता विपिन माहुलकर देर रात चिमनगंज थाने पहुंचा। अतीक ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के पास ही खड़ा था, तभी एक्टिवा पर सवार होकर दो नकाबपोश बदमाश वहां आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली अतीक की जांघ पर लगी और घुटने के पास से आर-पार निकल गई।
उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपनिरीक्षक लिबिन खेस और जयदीप राठौर ने बिना वक्त गंवाए उसे उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया है कि फिलहाल छात्र की स्थिति खतरे से बाहर है।
पुराने विवाद और ‘टैटू’ से हमलावर की पहचान की आशंका
घायल अतीक ने बताया कि उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है और उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि करीब एक माह पहले उसका मोहन नगर के आला बाथम नामक युवक से विवाद हुआ था। हालांकि हमलावरों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, लेकिन अतीक का दावा है कि उसने हमलावर के हाथ पर बने एक विशेष ‘टैटू’ को पहचान लिया है। इसी आधार पर उसने आला बाथम पर हमला करने की शंका जाहिर की है।
बदमाश रौनक गुर्जर का साथी है घायल, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
चिमनगंज थाना टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल युवक अतीक क्षेत्र के सूचीबद्ध बदमाश रौनक गुर्जर का साथी है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। अतीक के बयानों के आधार पर घटनास्थल और आसपास के मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की पुष्टि हो सके।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है।
