उज्जैन में पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट आज से

2 लाख के कुल पुरस्कारों के लिए भिड़ेंगे 300 खिलाड़ी

उज्जैन, अग्निपथ। धर्म और संस्कृति की नगरी उज्जैन के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुडऩे जा रहा है। शहर में पहली बार प्रथम रायसोनी मेमोरियल अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग रैपिड शतरंज टूर्नामेंट का भव्य आयोजन 21 और 22 मार्च को होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता अखिल भारतीय शतरंज महासंघ, भारतीय खेल प्राधिकरण और मध्य प्रदेश चैस एडहॉक कमेटी के मार्गदर्शन में उज्जयिनी जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित की जा रही है।

इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी खिलाडिय़ों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आमंत्रित किया गया है। टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. ए.के. पाल ने बताया कि इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाडिय़ों के लिए कुल 2 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

नकद पुरस्कारों के साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को 80 आकर्षक ट्रॉफियां और पदक प्रदान किए जाएंगे। इस बौद्धिक स्पर्धा का आयोजन इंदौर रोड स्थित कान्हा परिसर में किया जा रहा है, जहाँ शतरंज की बिसात पर दिग्गज खिलाड़ी अपनी चालें चलेंगे।

आयु सीमा और विशिष्ट खिलाडिय़ों की भागीदारी

उज्जयिनी जिला शतरंज संघ के सचिव महावीर जैन के अनुसार, इस स्पर्धा की विशेषता इसकी व्यापकता है, जिसमें 5 वर्ष के नन्हे बच्चों से लेकर 90 वर्ष के बुजुर्ग खिलाड़ी तक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्रैंड मास्टर, इंटरनेशनल मास्टर्स, वुमन ग्रैंड मास्टर और वुमन इंटरनेशनल मास्टर्स की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजकों ने सभी शतरंज प्रेमियों से इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने और उज्जैन का गौरव बढ़ाने की अपील की है।

स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और शुभारंभ

संघ के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ ने बताया कि स्थानीय खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रूप से बेस्ट प्लेयर ऑफ उज्जैन और बेस्ट प्लेयर ऑफ एमपी जैसे पुरस्कार रखे गए हैं। 21 मार्च शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रतिष्ठित अतिथियों, जिनमें आईएम अक्षत खम्पारिया, डॉ. सुनील के. सोमानी, अनिल फतेहचंदानी, डॉ. कात्यायन मिश्र और डॉ. जया मिश्रा शामिल हैं, द्वारा किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में 300 से अधिक खिलाडिय़ों के शामिल होने की संभावना है।

Breaking News