उज्जैन में बेखौफ बदमाश: कहीं क्रिकेट की बॉल लगने पर चाकूबाजी, तो कहीं सरेराह लहराए हथियार

उज्जैन, अग्निपथ। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में घटित हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं ने शहर की शांति व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। कहीं खेल के मैदान में मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल रहा है, तो कहीं बदमाश सरेराह अवैध हथियार लहराकर आमजन में दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं।

छेड़छाड़ का विरोध करने और मोहल्ले की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले युवाओं पर भी जानलेवा हमले की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं ने न केवल पुलिस प्रशासन की गश्त पर सवाल उठाए हैं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

क्रिकेट की बॉल लगने पर शराबियों का तांडव, युवक गंभीर घायल

जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के ग्यारसीनगर में सोमवार को खेल-खेल में एक बड़ी वारदात हो गई। यहाँ क्रिकेट खेल रहे एक युवक को शराबियों के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा। जानकारी के अनुसार, ज्ञान टेकरी निवासी कृष्णा पिता मूलचंद सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान पास ही कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। खेल के दौरान अचानक क्रिकेट की गेंद वहां शराब पी रहे युवकों को जा लगी।

इस मामूली बात पर शराब के नशे में धुत बदमाशों ने विवाद शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि उन पर पत्थर फेंके जा रहे हैं। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने आव देखा न ताव और कृष्णा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीवाजीगंज पुलिस ने इस मामले में आनंद योगी, राज सोलंकी, शुभम परिहार एवं अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

नर्सिंग कॉलेज के सामने दहशत फैलाते दो बदमाश गिरफ्तार

देवासगेट थाना क्षेत्र स्थित नर्सिंग कॉलेज और हॉस्टल के सामने पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो बदमाशों को रंगे हाथ दबोचा है। ये बदमाश सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि नर्सिंग कॉलेज हॉस्टल के सामने सावन शेर और रौनक करपुरिया नाम के दो युवक हाथ में अवैध हथियार लेकर खड़े हैं और आने-जाने वालों में दहशत फैला रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देख बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से खतरनाक खटकेदार अवैध चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चाकू जब्त कर लिए हैं और उनके खिलाफ आबकारी एक्ट एवं संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला, नकदी छीनी

महाकाल थाना क्षेत्र के नलिया बाखल में पुरानी रंजिश और छेड़छाड़ के विरोध को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। घायल मोहम्मद शादाब ने पुलिस को बताया कि पिछले 15 दिनों से कुछ बाहरी युवक उनके मोहल्ले में बार-बार आ रहे थे और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। शादाब ने जब इन युवकों को मोहल्ले में आने से मना किया और कारण पूछा, तो वे विवाद पर उतारू हो गए।

इसी रंजिश को पालकर सोमवार रात जब शादाब घर का कबाड़ बेचकर लौट रहा था, तब चार-पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने शादाब के पास रखे 5000 रुपये भी छीन लिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Next Post

नगर निगम कर्मचारी गृह निर्माण संस्था की जमीन बेचने के मामले में जाँच के आदेश

Tue Mar 3 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। सहकारिता विभाग के संयुक्त आयुक्त ने नगर निगम कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित की उंडासा रोड स्थित जमीन दूसरी संस्था को बेचने के मामले में जाँच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने उपायुक्त सहकारिता को इस पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से जाँच करने के निर्देश दिए हैं। […]

Breaking News