उज्जैन में शाम 6 बजे तक 73.58 प्रतिशत मतदान

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुबह सिंधी कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर परिवार के साथ मतदान किया

उज्जैन, अग्निपथ। चौथे चरण के लोकसभा चुनाव में उज्जैन-आलोट लोकसभा सीट के लिए वोटिंग शाम 6 बजे खत्म हो गई है। इसके बाद किसी भी मतदाता को पोलिंग बूथ में प्रवेश नहीं करने दिया गया। सिर्फ उन्हें ही वोट डालने दिया, जो 6 बजे तक अंदर थे। शाम ६ बजे तक 73.58 प्रतिशत मतदान हो चुका था। हालांकि यह पिछले लोकसभा चुनाव से कम है। पिछले चुनाव में मतदान का प्रतिशत 75 प्रतिशत से अधिक रहा था।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में परिवार के साथ सिंधी कॉलोनी स्थित बूथ पर वोट डाला।

सोमवार को मतदान के प्रति लोगों में विशेष उत्साह रहा। तेज गर्मी के बाद भी सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के पहले मतदान केंद्रों पर लोग पहुंचना शुरू हो गये थे। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गई थीं। सुबह के दो घंटे में ९ बजे तक १६ प्रतिशत ही मतदान हुआ था। हालांकि इसके बाद मतदान में तेजी आई और धीरे-धीरे मतदान का प्रतिशत बढ़ता गया। दोपहर में तेज धूप के कारण कुछ समय के लिए ऐसा लगा था मानों तेज गर्मी मतदान के कदम रोक सकती है। हालांकि ऐसा हुआ नहीं। दोपहर 3 बजे करीब बादल छा गये और गर्मी को हलका कर दिया। तीन बजे बाद फिर मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी।

हाईट ढाई फीट, लेकिन हौंसले बुलंद

उज्जैन के रोहित नागमोतिया की हाइट भलाई ढाई फीट की है लेकिन उनकी उम्र 32 साल के हैं और उनके हौसले बड़े हैं। रोहित नागमोतिया ने विकलांगता के बावजूद अपने परिवार के साथ लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी वोट रूपी आहुति डाली। शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय कक्ष क्रमांक 2 नलिया बाखल, उज्जैन पर वोट किया।

100 साल की श्याम बाई भी आई वोट डालने

उज्जैन उत्तर के बहादुरगंज निवासी 100 वर्षीय श्यामा बाई ने सोमवार को उनके क्षेत्र के मतदान स्थल क्रमांक 78 भाटी राजपूत धर्मशाला लक्कडग़ंज में जाकर मतदान किया। इतनी आयु के बावजूद मतदान के प्रति उनके उत्साह में बिल्कुल भी कमी नहीं आई है। श्यामा बाई स्वयं चलकर मतदान केंद्र तक गई और मतदान किया।

उज्जैन – आलोट सीट के लिए कब-कितना मतदान…

            समय                     वोटिंग प्रतिशत

  • सुबह 9 बजे तक       16.80 प्रतिशत
  • सुबह 11 बजे तक      34.25 प्रतिशत
  • दोपहर 1 बजे तक      49.71 प्रतिशत
  • दोपहर 3 बजे तक      60.83 प्रतिशत
  • शाम 5 बजे तक         70.44 प्रतिशत
  • शाम 6 बजे तक         73.58 प्रतिशत

Next Post

मतदान करने के बाद महाकाल अन्नक्षेत्र में भोजन

Mon May 13 , 2024
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से की गई थी भोजन व्यवस्था, अंगुली दिखाकर मिला प्रवेश उज्जैन, अग्निपथ। वोट डालकर आये मतदाताओं को सोमवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर के अन्नक्षेत्र में भोजन प्रसादी का मौका मिला। सोमवार को यहां पर बिना कूपन के सिर्फ अंगुली में मतदान का निशान […]

Breaking News