उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित गरोठ रोड ब्रिज के नीचे रविवार रात लूट और मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक हमाली करने वाले युवक ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ न केवल मारपीट की और मोबाइल-नकदी छीनी, बल्कि उस पर तेजाब भी फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हालांकि, पुलिस शुरुआती जांच में तेजाब फेंकने की बात को सिरे से खारिज कर रही है।
पहले की लूट, फिर तेजाब से किया हमला
जिला अस्पताल में भर्ती घायल रोहित (29) पिता हरिओम सोलंकी, निवासी शहीद नगर ने बताया कि वह रविवार रात करीब 8:30 बजे कानीपुरा रोड स्थित शराब दुकान से लौट रहा था। गरोठ रोड ब्रिज के नीचे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका और जमकर मारपीट की। बदमाशों ने उसका मोबाइल और जेब में रखे तीन हजार रुपये लूट लिए। रोहित के अनुसार, जब वह घायल अवस्था में तिरुपति कॉलोनी के पास पहुँचा, तो वे बदमाश दोबारा आए और फिर से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों के पास कोल्ड ड्रिंक की बोतल में तेजाब था। रोहित का आरोप है कि बदमाशों ने उसे तेजाब पिलाने की कोशिश की और असफल होने पर उसके ऊपर तेजाब फेंककर नाली में धकेल दिया।
शरीर का ऊपरी हिस्सा और हाथ झुलसे
तेजाब गिरने के कारण रोहित की कमर का ऊपरी हिस्सा और दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। घटना के बाद उसने राहगीर की मदद से अपने भाई सौरभ को सूचित किया, जो उसे तुरंत चरक अस्पताल ले गया, जहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित ने चिमनगंज मंडी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस का पक्ष: तेजाब की बात संदिग्ध
इस मामले में चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया का कहना है कि तेजाब फेंकने की बात पूरी तरह निराधार लग रही है। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनमें ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। टीआई के अनुसार, रोहित और उसके साथी मदन उर्फ काका मिस्त्री ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। मदन भी इस दौरान घायल हुआ है। पुलिस इस बात की तस्दीक कर रही है कि रोहित झुलसा कैसे और उस रात असल में क्या हुआ था। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
