1 से 3 दिसंबर तक दशहरा मैदान पर होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन में 11 हजार लोग एक साथ गीता का पाठ करेंगे वह भी संस्कृत में। यह अनूठा आयोजन अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के नाम से पहली बार धार्मिक नगरी में होने जा रहा है जो कि मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति सहित कई विभागों के सहयोग से कृष्ण पाथेय न्यास द्वारा किया जाएगा। आयोजन 1 से 3 दिसंबर तक दशहरा मैदान में होगा।
कार्यक्रम 1 दिसंबर को सुबह 11 बजे से होगा जिसमें कृष्ण की परंपरा के आचार्यों की उपस्थिति में लोग श्रीमद्भागवत गीता के 15 वें अध्याय का एक साथ सस्वर पाठ करेंगे। इस तरह का आयोजन उज्जैन के अलावा प्रदेश के सभी विकास खंडों, जिला मुख्यालयों और भागों में किया जाएगा।
इसी दिन शाम 7 बजे दशहरा मैदान पर श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण भी किए जएंगे। महोत्सव के दौरान माधव दर्शनम नामक लघु चित्र शैलियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महोत्सव में प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। पुनीत इस्सर के निर्देशन में
जय कृष्ण नाटक का मंचन
1 दिसंबर को प्रसिद्ध कलाकार पुनीत इस्सर के निर्देशन में जय कृष्ण गीता सार नाट्य का मंचन किया जाएगा। 2 दिसंबर को शाम 7 बजे सुवैष्णवी शर्मा विराटजयी काव्य प्रस्तुति देंगी। इसके पश्चात मोहित शेवानी के निर्देशन में कृष्णायन नाट्य का मंचन होगा। 3 दिसंबर को शाम 7 बजे विश्ववंदनीय नाट्य का मंचन किया जाएगा। इसकी परिकल्पना और आलेखन डॉ. वीनस तरकसवार ने की है, जबकि संगीत और निर्देशन उमेश तरकसवार का है। इसके बाद सलाउद्दीन पाशा द्वारा गीता ऑन व्हील्स नाट्य का मंचन होगा।
