साल 2026 का आयोजन खास होगा, 19 मार्च गुड़ी पड़वा पर्व तक चलेगा
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन में 15 फरवरी से विक्रमोत्सव आयोजित होगा। जिसमें सोनू निगम भी प्रस्तुति देने आएंगे। इस बार 2026 का आयोजन खास होगा जो 19 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम में देश-विदेश के कलाकार शामिल होंगे। 19 को वर्ष प्रतिपदा, सृष्टि आरंभ दिवस और उज्जयिनी गौरव दिवस के मौके पर शिप्रा तट पर मुख्य समारोह होगा। इस दिन सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण दिया जाएगा, विक्रम पंचांग का लोकार्पण होगा और भव्य आतिशबाजी होगी। मुख्य समारोह में प्रसिद्ध गायक सोनू निगम की प्रस्तुति भी होगी। विक्रमोत्सव-2026 ऐसा आयोजन होगा, जो उज्जैन की संस्कृति, इतिहास और परंपरा को नई पहचान देगा और हर नागरिक को इससे जुडऩे का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित निवास समत्व भवन में बैठक कर विक्रमोत्सव की तैयारियों की जानकारी ली। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार विक्रमोत्सव के दौरान उज्जैन में कई तरह के सांस्कृतिक, साहित्यिक और वैचारिक कार्यक्रम रखे जाएंगे। शुरुआत शिव पूजा और शिवनाद जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रम से होगी। नाट्य समारोह, इतिहास और शोध पर संगोष्ठियां, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, वेद अंताक्षरी और संगीत से जुड़े विचार विमर्श शामिल रहेंगे। इन आयोजनों से भारतीय संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
13 से 17 मार्च तक पौराणिक फिल्म महोत्सव भी आयोजित
उज्जैन के लोगों के लिए खास आकर्षण 13 से 17 मार्च तक होने वाला अंतरराष्ट्रीय पौराणिक फिल्म महोत्सव रहेगा। इसमें 20 से ज्यादा देशों की पौराणिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे दर्शकों को अलग-अलग संस्कृतियों को समझने का मौका मिलेगा। इसके अलावा विज्ञान, कृषि और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। प्राकृतिक खेती, नरवाई प्रबंधन, दुग्ध उत्पादक पशुओं की प्रतियोगिता और कृषि प्रदर्शनी किसानों और आम लोगों के लिए उपयोगी रहेंगी।
