उज्जैन : राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

उज्जैन, अग्निपथ। सोमवार को 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता अन्तर्गत जिम्नास्टिक एवं मलखम्ब प्रतियोगिताओं का रंगारंग शुभारंभ शा. उ.मा.वि. महाराजवाड़ा क्र. 2 उज्जैन स्थित जिम्नाशियम हॉल में हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम के अतिथी जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर देवड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर सोलंकी, क्षेत्रीय पार्षद लीला वर्मा, संजय अग्रवाल एवं पूर्व नगर पालिक निगम सभापति एवं मलखंब एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सोनू गेहलोत एवं जितेन्द्र कृपलानी थे।

कार्यक्रम में जिम्नास्टिक के पूर्व अर्न्तराष्ट्रीय निर्णायक एम.जी. सुपेकर, राष्ट्रीय निर्णायक आर.एल. वर्मा, शिक्षा अधिकारी आनन्द शर्मा, पर्यवेक्षक सहायक संचालक हेमन्त वर्मा, सहायक संचालक महेन्द्र खत्री, एडीपीसी गिरीश तिवारी एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी पी.एल. शर्मा भी मंचासीन थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन एवं माल्यर्पण से हुआ। पश्चात अतिथियों का पुष्पाहार एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर स्वागत आनन्द शर्मा, गिरीश तिवारी, महेन्द्र खत्री एवं पुरालाल शर्मा आदि ने किया । स्वागत उद्बोधन एवं प्रतियोगिता की रूपरेखा जिला शिक्षा अधिकारी आनन्द शर्मा ने प्रस्तुत की। पश्चात शा. उ.मा.वि. फाजलपुरा के विद्यार्थियों द्वारा मोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई।

कार्यक्रम के अतिथि संजय अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों को कम्प्यूटर, मोबाईल में ज्यादा समय न देते हुए खेलों से जुडें रहकर अपना सर्वांगीण विकास करने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। सरकार खेलों के क्षेत्र में पर्याप्त क्रांतिकारी कदम उठा कर देश को अन्तर्राष्ट्रीय क्रीड़ा पटल पर स्थापित करने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है।

सोनू गेहलोत ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी अलग अलग खेल विधाओं में एक साथ न जुड़ते हुए किसी भी एक खेल विधा में पूरी लगन एवं मनोबल से प्रयास करेंगे तो उन्हें आशातीत सफलता अवश्य प्राप्त होगी।

परम्परानुसार खेल ध्वाजारोहण एवं अभिमुख प्रयाण अतिथियों द्वारा किया गया। अतिथि संजय अग्रवाल द्वारा प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई तथा जिम्नास्टिक खिलाड़ी कु. निहारिका चंदेल द्वारा खेल भावना की शपथ दिलवाई गई। प्रचार प्रसार समिति के अमितोज भार्गव एवं संजय लालवानी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों के लगभग 600 खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर सहभागिता कर रहे हैं।

जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं जिम्नैशियम हॉल महाराजवाड़ा क्र.2, मलखम्ब की प्रतियोगिताएं लोकमान्य तिलक विद्यलाय, नीलगंगा में आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के उद्घाटन के पश्चात प्रारंभिक दौर के मुकाबले प्रारंभ किए गए। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र व्यास ने किया तथा आभार गिरीश तिवारी ने माना।

Next Post

एक साल पहले मृत व्यक्ति को चक्रतीर्थ पर दोबारा जलाने चले आए परिजन

Tue Sep 16 , 2025
मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए चक्रतीर्थ ट्रस्ट के साथ जालसाजी का प्रयास उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के श्मसान घाट चक्रतीर्थ पर मंगलवार दोपहर अजीब घटनाक्रम हो गया। यहां कुछ लोग बगैर शव लिए लकड़ी-कंडे खरीदने लगे। इसकी रसीद भी बनवा ली। जब चक्रतीर्थ के कर्मचारियों ने देखा कि कुछ […]

Breaking News