उज्जैन: होटल सम्राट विक्रमादित्य में नॉनवेज पकाने की भ्रामक खबर फैलाने वाले 4 कर्मचारियों पर केस

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल मंदिर के समीप स्थित मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित होटल सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल (महाराजवाड़ा) में कथित तौर पर नॉनवेज पकाने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। महाकाल पुलिस ने होटल के चार अस्थायी कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। इन आरोपियों ने होटल के सीसीटीवी और ईमेल आईडी का दुरुपयोग कर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों तक भ्रामक जानकारी पहुँचाकर संस्थान की छवि धूमिल करने का प्रयास किया था।

18 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है हेरिटेज होटल

उल्लेखनीय है कि महाराजवाड़ा स्कूल की वर्षों पुरानी बिल्डिंग को करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से हेरिटेज होटल में बदलकर महाकाल के भक्तों के लिए तैयार किया गया था। मार्च 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसका उद्घाटन किया था। यह होटल मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित है, जिसके कारण देशभर से आने वाले यात्रियों का इस पर गहरा भरोसा है।

होटल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत

होटल प्रबंधक सतीश पाठक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी प्रियंका पटेल, राकेश सेन, हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी होटल में स्टोर कीपर एवं एफओए पद पर कार्यरत थे। ये लोग पिछले तीन महीनों से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उन्हें नोटिस जारी किया गया था। इसी से क्षुब्ध होकर इन कर्मचारियों ने होटल की शासकीय ईमेल आईडी का एक्सेस प्राप्त किया और डिजिटल लेटर हेड का दुरुपयोग करते हुए मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों को झूठी शिकायतें भेजीं।

जांच में वेज निकली वह डिश, जिसे बताया था नॉनवेज

आरोपियों ने होटल के सीसीटीवी कैमरों से वीडियो और फोटो निकालकर उनमें छेड़छाड़ की और भ्रामक जानकारी फैलाई। वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद पर्यटन विभाग की टीम सोमवार को उज्जैन पहुँची थी। जांच में पाया गया कि वीडियो में जो डिश दिखाई दे रही है, वह पूरी तरह शाकाहारी (वेज) थी, नॉनवेज नहीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Post

ट्रेन रवानगी में देरी रोकने में रतलाम मंडल देश में नंबर-1, मालगाड़ियों के संचालन में बनाया रिकॉर्ड

Fri Mar 6 , 2026
रतलाम, अग्निपथ। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने अपनी कार्यक्षमता का लोहा मनवाते हुए देश भर में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान रतलाम मंडल ने ‘प्री-डिर्पाचर डिटेंशन’ यानी ट्रेन के रवाना होने से पहले होने वाली देरी को कम करने में पूरे देश के बड़े रेल […]
ट्रेन रवानगी में देरी रोकने में रतलाम मंडल देश में नंबर-1, मालगाड़ियों के संचालन में बनाया रिकॉर्ड

Breaking News