मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए चक्रतीर्थ ट्रस्ट के साथ जालसाजी का प्रयास
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के श्मसान घाट चक्रतीर्थ पर मंगलवार दोपहर अजीब घटनाक्रम हो गया। यहां कुछ लोग बगैर शव लिए लकड़ी-कंडे खरीदने लगे। इसकी रसीद भी बनवा ली। जब चक्रतीर्थ के कर्मचारियों ने देखा कि कुछ लोग ही आए और शव भी नहीं है, तो उन्होंने पूछताछ की। जिसमें सामने आया कि वे लोग एक साल पहले मृत व्यक्ति के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए यह जालसाजी कर रहे थे। ट्रस्ट ने इस मामले में पुलिस को शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर चक्रतीर्थ के कार्यालय में तरूण पिता रेणुकुमार खत्री बैठे थे। इस दौरान कुछ लोग आए और शव जलाने के लिए लकड़ी कंडे की मांग की। तरूण ने मृतक का नाम पूछा तो उन्होंने लालचंद नाम बताया और चक्रतीर्थ की रसीद पर मृतक की पूरी डिटेल डाल दी। इसके बाद लकड़ी कंडे बुक किए, लेकिन दाह संस्कार की सामग्री उठाकर ले जाने वाले ज्यादा लोग नहीं थे।
इस पर चक्रतीर्थ कर्मचारियों ने कहा कि लकड़ी कंडे आपको यहां से लेकर जाना पडेंगे। कर्मचारियों ने पूछा भी कि तुम केवल तीन-चार लोग शव लेकर कैसे आए? इस पर वे घबरा गए। कर्मचारियों को शंका होने पर शवदाह गृह की तरफ जाकर देखा तो शव ही नहीं था। इस पर उन्होंने आकर कार्यालय में बताया। कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को इस घटनाक्रम से अवगत कराया और उन युवकों को रोककर पूछताछ कर पुलिस को सूचना दी।
मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए रची साजिश
युवकों ने बताया कि उनके पिता लालचंद की एक साल पहले मौत हो चुकी है। अंतिम संस्कार यहीं चक्रतीर्थ पर किया गया था लेकिन चक्रतीर्थ की रसीद कहीं गुम हो गई है। उन्हें जमीन के दस्तावेज वगैर बनवाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र की जरूरत है। किसी ने बताया कि चक्रतीर्थ पर पुरानी तारीख में रसीद आसानी से नहीं मिलेगी। इस वजह से यह सब करना पड़ा। युवक नीमच के रहने वाले हैं लेकिन साल 2024 में जिस लालचंद की मौत हुई थी वह उज्जैन में रहते थे। यहीं चक्रतीर्थ पर लालचंद का अंतिम संस्कार किया गया था।
चक्रतीर्थ पर पुरानी तारीख की रसीद बनवाना है आसान
चक्रतीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक प्रजापत ने बताया कि यदि किसी के मृत्यु के बाद चक्रतीर्थ द्वारा जारी की गई रसीद परिजनों से गुम हो जाती है तो वे शपथ पत्र और पहचान के दस्तावेज प्रस्तुत कर उसी तारीख की रसीद आसानी से प्राप्त कर सकता है, इसके लिए इतना षड्यंत्र करने की जरूरत नहीं है।
कुछ युवकों द्वारा चक्रतीर्थ ट्रस्ट के साथ जालसाजी करने की शिकायत मिली है। ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा शिकायती आवेदन दिया गया है। दो युवकों से पूछताछ की जा रही है। आवेदन पर जांच की जा रही है। -विवेक कनौडिया, टीआई, जीवाजीगंज
