एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित: उज्जैन के यातेंद्र सिंह ने टॉप-10 में बनाई जगह

उज्जैन, अग्निपथ। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड ने गुरुवार को पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-2025 का बहुप्रतीक्षित फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा परिणाम में उज्जैन शहर का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उज्जैन के प्रतिभावान अभ्यर्थी यातेंद्र सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त किया है। यातेंद्र सिंह, पिता धर्मवीर सिंह ने अनारक्षित श्रेणी से परीक्षा देते हुए 161.29776 अंक हासिल किए और प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।

ओबीसी वर्ग का दबदबा, टॉप-10 में 7 उम्मीदवार

जारी परिणाम के अनुसार, इस बार चयन सूची में ओबीसी वर्ग का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला है। प्रदेश की टॉप-10 की सूची में 7 उम्मीदवार इसी वर्ग से हैं। जबलपुर के सुनील मीणा ने 169.01105 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जबकि जबलपुर के ही अंकित रघुवंशी दूसरे स्थान पर रहे। टॉप-10 की सूची में कुल 8 पुरुष और 2 महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है। चयन सूची में नीमच के दीपक जाट तीसरे और रीवा के आदर्श सेन चौथे स्थान पर रहे हैं।

9.78 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा कुल 7,500 पदों के लिए निकाली गई इस भर्ती में प्रदेश भर से लगभग 9 लाख 78 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच उज्जैन सहित प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में किया गया था। कड़े मुकाबले के बाद बोर्ड ने अंतिम रूप से 6,525 उम्मीदवारों का चयन किया है। परिणाम तैयार करने के लिए बोर्ड ने ‘नॉर्मलाइज्ड इक्वि-परसेंटाइल’ पद्धति का उपयोग किया है, जिसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों के अंकों को जोड़ा गया है।

शारीरिक दक्षता के बाद तैयार हुई अंतिम सूची

भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में 57,985 उम्मीदवारों का चयन किया गया था, जिसके बाद 23 फरवरी से 14 मार्च 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीपीटी) आयोजित की गई। अंतिम चयन सूची में मुख्य भाग के 87 प्रतिशत पदों और ओबीसी वर्ग के 14 प्रतिशत पदों का ध्यान रखा गया है। सफल अभ्यर्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। उज्जैन में यातेंद्र सिंह की इस सफलता पर उनके परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।

Next Post

इंदौर में सगाई समारोह का खूनी अंत: मामूली विवाद में युवक की पेचकस से गोदकर हत्या

Thu Apr 9 , 2026
इंदौर, अग्निपथ। इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में खुशियों वाले एक सगाई समारोह में रिश्तेदारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खाने-पीने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष ने एक युवक पर डंडों और पेचकस से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे […]
चाकू

Breaking News