सीहोर, अग्निपथ। ग्राम पंचायत कादराबाद में विकास कार्यों को गति देने के मार्ग में अतिक्रमणकारी और स्वच्छता के दुश्मन बड़ी बाधा बने हुए हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि शासकीय जमीन पर अवैध कब्जों के कारण पंचायत को सीढ़ी, चबूतरा, किचन शेड और वस्तु भंडार भवन जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जनसुनवाई में गुहार और सरपंच की सक्रियता
ग्राम के विकास की चिंता लेकर सरपंच लक्ष्मी कुंवर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई में पहुंचीं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया कि गोहा की शासकीय जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं, कुछ लोग सड़क पर ही कूड़ा-करकट फेंककर गंदगी फैला रहे हैं, जिससे गांव का वातावरण दूषित हो रहा है और बच्चों का स्कूल जाना भी दूभर हो गया है। सरपंच ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमणकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई कर ग्राम विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
अनसुने रहे नोटिस, मनमानी पर उतारू अतिक्रमणकारी
श्रीमती लक्ष्मी कुंवर ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार औपचारिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इस संबंध में तहसीलदार श्यामपुर और जनपद कार्यालय को भी सूचित किया गया, लेकिन अतिक्रमणकारियों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। उन्होंने बताया कि गोया भूमि पर सामुदायिक भवन तो बन चुका है, लेकिन शेष जमीन पर लकड़ियां और मलबा डालकर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे वहां पार्किंग तक की जगह नहीं बची है।
