कायथा,अग्निपथ। उज्जैन-मक्सी मार्ग पर कायथा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार दोपहर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को ७२ घंटे बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुई इस फिल्मी अंदाज की लूट ने पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद से ग्रामीणों और विशेषकर किसान वर्ग में भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
मिर्ची झोंककर फिल्मी अंदाज में वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को क्षेत्र के किसान शफी शाह अपने साथी रामलाल के साथ मक्सी के हाट बाजार में भैंस बेचकर वापस लौट रहे थे। जब वे कायथा-रामपुरा मार्ग पर उज्जैन-मक्सी रोड के समीप पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने अचानक दोनों किसानों की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया। जब तक किसान कुछ समझ पाते, आरोपी उनके पास मौजूद लगभग १ लाख ५० हजार रुपये लूटकर रफूचक्कर हो गए। थाने के इतने करीब दिनदहाड़े हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
क्षेत्र में बढ़ता अपराध और किसानों का आक्रोश
कायथा क्षेत्र में पिछले एक माह से अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। किसानों के खेतों से मोटर पंप चोरी होने की एक दर्जन से अधिक घटनाएं पहले ही सामने आ चुकी हैं। इन चोरियों को लेकर किसान पहले ही एकजुट होकर कायथा थाने में ज्ञापन सौंप चुके थे, लेकिन पुलिस की सुस्ती के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए और अब उन्होंने लूट जैसी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस की गश्त और सतर्कता पर नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जांच के नाम पर खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब तकनीक का सहारा ले रही है। कायथा थाना प्रभारी राजकुमार मालवीय ने बताया कि लूट की इस वारदात के बाद मक्सी-कायथा रोड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि वे हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, ३ दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सफलता न मिलना ग्रामीणों के गुस्से को और बढ़ा रहा है।
