किसानों की आवाज़ सर्वोपरि: विधायक अरुण भीमावत ने सदन में फसल बीमा कंपनियों की निगरानी बढ़ाने की माँग की

शाजापुर, अग्निपथ। मध्य प्रदेश विधानसभा के सत्र में शाजापुर विधायक अरुण भीमावत ने क्षेत्र के किसानों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अल्प वर्षा से किसानों को हुए नुकसान, नीलगाय-हिरण से फसल हानि तथा फसल बीमा सर्वे से जुड़े मुद्दों पर बात की और राहत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी श्री संजय शिवहरे ने दी।

अल्प वर्षा राहत राशि के लिए जताया आभार

 विधायक भीमावत ने सदन में बताया कि शाजापुर, मोहन बड़ोदिया और बड़ोदिया तहसील में अत्यंत कम वर्षा हुई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह समस्या लाई और मुख्यमंत्री ने त्वरित आदेश जारी करते हुए किसानों को राहत राशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अल्प वर्षा प्रभावित किसानों को 84 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है, जिससे हज़ारों कृषक परिवार लाभान्वित हुए हैं।

किसानों को फसल बीमा और भावांतर का लाभ: विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में निर्णय ले रही है, और केंद्र सरकार भी फसल बीमा योजना से राहत दे रही है। उन्होंने सदन को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 2016 से 2024 तक 31 हज़ार करोड़ रुपये फसल बीमा के माध्यम से किसानों को दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अब तक 4.50 लाख किसानों ने 10 लाख 10 हज़ार मीट्रिक टन सोयाबीन की बिक्री की है और भावांतर की राशि 10 से 15 दिनों में किसानों के खातों में जमा की जा रही है, जो सरकार पर बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

नीलगाय-हिरण समस्या का ‘बोमा तकनीक’ से समाधान: विधायक भीमावत ने सदन में बताया कि शाजापुर ज़िले में नीलगाय और हिरण की संख्या के कारण वर्षों से किसानों की फसल को भारी क्षति होती थी। इस समस्या के समाधान हेतु उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की एजेंसी से संपर्क कर बोमा तकनीक को शाजापुर में लागू करवाया। इस तकनीक से बड़ी संख्या में नीलगाय एवं हिरणों को सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया गया, जिससे लाखों किसानों की फसलों को बचाया जा सका। उन्होंने इस महत्त्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ाने की माँग: विधायक ने सदन में यह भी कहा कि बीमा कंपनियों द्वारा सर्वे उचित तरीके से नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को न्यायपूर्ण मुआवजा मिल सके।

विधायक ने सदन में संदेश देते हुए कहा कि किसानों की समस्या मेरे लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि वह सदैव क्षेत्र के किसानों की आवाज़ को विधानसभा तक पहुँचाते रहेंगे और उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध हैं। मध्य प्रदेश सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री जी किसानों के साथ खड़े हैं और हम सभी मिलकर शाजापुर को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

Next Post

काम में लापरवाही और ख़राब प्रगति पर बड़ा एक्शन: 6 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश

Wed Dec 3 , 2025
जनपद सीईओ का 5 दिन का वेतन रोका शाजापुर, अग्निपथ। कलेक्टर ऋजु बाफना ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बड़ा और सख्त कदम उठाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता […]

Breaking News