कोचिंग संचालक पर हमले के मामले में फूटा आक्रोश: सख्त कार्रवाई के लिए एसपी को सौंपा ज्ञापन

उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के केशव नगर में कोचिंग संचालक अजय जागरी पर हुए जानलेवा हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार सुबह हिंदू संगठनों और खाती समाज के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम का घेराव किया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नाम ज्ञापन सौंपा।

पुरानी रंजिश और हफ्ता वसूली का विवाद

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर कोचिंग संचालक अजय जागरी पर इरफान, आरिफ और उनके करीब आधा दर्जन साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले में जागरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। विवाद की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और हफ्ता वसूली बताई जा रही है। बताया गया है कि आरोपी कोचिंग चलाने के बदले हफ्ता मांग रहे थे। पीड़ित ने पिछले एक साल में तीन-चार बार पुलिस को आवेदन देकर शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।

मोहर्रम के जुलूस और नई परंपरा पर विवाद

मामले में एक अन्य पहलू मोहर्रम के जुलूस को लेकर भी सामने आया है। पिछले दो वर्षों से आरोपी पक्ष केशव नगर में घोड़े का जुलूस निकालने का प्रयास कर रहा था, जिसका अजय जागरी ने विरोध किया था। जागरी का तर्क था कि इस क्षेत्र में जुलूस का कोई पुराना इतिहास नहीं है, इसलिए नई परंपरा शुरू नहीं की जानी चाहिए। इसी बात को लेकर इरफान और आरिफ रंजिश रखे हुए थे, जिसके परिणामस्वरूप मंगलवार को उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया।

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप

हिंदूवादी नेता रूपेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने शिक्षक पर हमला किया है, वे सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी रिकॉर्ड में यह भूमि शासकीय है, जिसे वक्फ की संपत्ति बताकर आरोपियों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए।

समाज और संगठनों ने की कार्रवाई की मांग

बुधवार सुबह बजरंग दल, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और खाती समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में एकत्रित होकर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस द्वारा बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज का भी विरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि अजय जागरी एक सम्मानित शिक्षक हैं और उनके साथ हुई इस बर्बरता को सहन नहीं किया जाएगा। खाती समाज ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

अधिकारी का कथन:

कोचिंग संचालक पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। — तरुण कुरील, टीआई

Next Post

बेटे की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत

Wed Feb 18 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिंतामण थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़नगर रोड पर ग्राम रूनखेड़ी और मंगरोला के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक सवार 55 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पुत्र के […]
मौत

Breaking News