कोयला फाटक पर पाइप लाइन जोड़ते वक्त हादसा: करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत

current death

उज्जैन, अग्निपथ। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोयला फाटक पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ टूटी हुई पाइप लाइन को जोड़ने का काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।

थाना प्रभारी डीबीएस तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक मजदूर की पहचान राकेश के रूप में हुई है, जो बड़नगर रोड स्थित चिकली गांव का निवासी था। कोयला फाटक पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके कारण पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। राकेश इसी पाइप लाइन को जोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद बिजली के खुले तारों की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा।

शनिवार सुबह होगा पोस्टमार्टम

हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार और वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने बिजली बंद कराई और आनन-फानन में राकेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।

Next Post

धरमपुरी दोहरे हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

Fri Mar 13 , 2026
सीहोर, अग्निपथ। सीहोर जिले के थाना सिद्दीकगंज अंतर्गत ग्राम धरमपुरी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपी कमलसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 6 मार्च को वन भूमि के पुराने विवाद और रंजिश के चलते परीक्षा देने जा रहे कुलदीप और शीतल की बेरहमी से […]

Breaking News