खरगोन, अग्निपथ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से किए गए राज्यस्तरीय शुभारंभ के साथ ही खरगोन जिले में भी 11 जनवरी को “कृषक कल्याण वर्ष 2026” का विधिवत आगाज हुआ। मुख्य कार्यक्रम कृषि उपज मंडी खरगोन में आयोजित किया गया, जहाँ विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर ग्राम पंचायतों के लिए रवाना किया। यह रथ आगामी एक माह तक जिले के गांवों में भ्रमण कर किसानों को उन्नत तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
ई-विकास प्रणाली से खाद की सुगम उपलब्धता
समारोह में उप संचालक कृषि शिव सिंह राजपूत ने कृषक कल्याण वर्ष की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए ई-विकास उर्वरक वितरण प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि अब किसान घर बैठे अपने मोबाइल से ई-टोकन जारी कर सुगमता से खाद प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यक्रम में फसल अवशेष (नरवाई) प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
विधायक ने दी नवाचारों की जानकारी
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2026 को किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कृषकों से आह्वान किया कि वे कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जाने वाली नवीन तकनीकों और विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इसी क्रम में बड़वाह के ग्राम डूडगांव में विधायक सचिन बिरला और महेश्वर के मंडलेश्वर में विधायक राजकुमार मेव ने भी कृषि रथों को रवाना किया।
