खरगोन में सजेगा राष्ट्रीय हॉकी का मंच, ‘अखिल भारतीय श्री नवग्रह ट्रॉफी’ 1 फरवरी से

खरगोन, अग्निपथ। राष्ट्रीय खेल हॉकी के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में खरगोन में खेल प्रेमियों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। जिला हॉकी संघ, युवा हॉकी क्लब और एनटीपीसी सेल्दा प्लांट के संयुक्त तत्वावधान में ‘अखिल भारतीय श्री नवग्रह ट्रॉफी आमंत्रित हॉकी प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन 1 फरवरी से 4 फरवरी तक किया जाएगा। हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान पर होने वाली यह स्पर्धा न केवल हॉकी के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देगी, बल्कि नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

देशभर की प्रतिष्ठित टीमें दिखाएंगी दमखम

स्पर्धा सचिव विरेन्द्र जोशी के अनुसार, इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित श्रेष्ठ टीमें भाग लेंगी। इनमें सोनीपत-11 (हरियाणा), ऑरेंज सिटी नागपुर, एस.डी. हॉकी एकेडमी हिसार (हरियाणा), गुजरात हॉकी एकेडमी, भीलवाड़ा हॉकी एकेडमी (राजस्थान), मिलक हॉकी रामपुर (उत्तरप्रदेश), अमरावती-11 और प्रयागराज की टीमें शामिल हैं। इनके अलावा डी.एच.ए. खरगोन, बैतूल, देवास, नरसिंहपुर, टीकमगढ़ एवं युवा हॉकी क्लब खरगोन की टीमें भी चुनौती पेश करेंगी।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का मिल रहा सहयोग

स्पर्धा अध्यक्ष मनोज रघुवंशी ने बताया कि यह आयोजन खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, विधायक सचिन बिरला और स्थानीय खेल प्रेमियों के सहयोग से संभव हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा, कलेक्टर भव्या मित्तल एवं पुलिस कप्तान रविन्द्र वर्मा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष विपिन गौर ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।

आयोजन समिति ने संभाली कमान

प्रतियोगिता के सुचारू संचालन हेतु एक विस्तृत आयोजन समिति बनाई गई है। इसमें विपिन गौर, मनोज रघुवंशी, जयराज दांगी, दिनेश यादव, इकबाल खान, संतोष दांगी, विरेन्द्र जोशी, काकासिंह छाबड़ा, रूपेश तोमर और श्रीराम दांगी सहित कई कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। मार्गदर्शक मंडल में श्रीमती छाया जोशी, कल्याण अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, हाजी शाकिर, राजेन्द्र सोनी और नितिन मालवीय जैसे वरिष्ठ सदस्य शामिल हैं, जो आयोजन की बारीकियों पर नजर रखे हुए हैं।

Next Post

पुलिस की वर्दी में इतिहासकार: डीएसपी आनंद तिवारी ने लिखी धार की ऐतिहासिक जल संरचनाओं पर पुस्तक

Fri Jan 30 , 2026
धार, अग्निपथ। धार जिले में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक आनंद तिवारी ने पुलिस ड्यूटी की व्यस्तताओं के बीच शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने धार की प्राचीन जल संरचनाओं और देवस्थानों पर गहन शोध कर ‘नगर की प्राचीन जल संरचनाएं’ नामक पुस्तक लिखी है, […]

Breaking News