धार, अग्निपथ। जिला मुख्यालय से मात्र 5 किलोमीटर दूर तोरनोद-कालूखेड़ी मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई, जब गेहूं की कटाई के दौरान एक विशालकाय तेंदुआ हार्वेस्टर के सामने आ गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है।
हार्वेस्टर के शोर से बाहर निकला तेंदुआ
किसान प्रकाश पाटीदार के खेत में जब हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई की जा रही थी, तभी मशीन के शोर और हलचल के कारण फसल के बीच छिपा बैठा तेंदुआ अचानक बाहर निकल आया। तेंदुए को देख वहां काम कर रहे मजदूर और किसान हतप्रभ रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ तेजी से भागते हुए दूसरे खेत की ओर निकल गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिसकर्मी पर हमला और वन विभाग की घेराबंदी
तेंदुए की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सर्चिंग के दौरान तेंदुए ने नौगांव थाने के पुलिसकर्मी अनिल बीसी पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई है। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। तोरनोद निवासी प्रवीण चौहान ने बताया कि तेंदुआ आकार में काफी बड़ा था और तेजी से रतलाम रोड पार कर जंगल की ओर ओझल हो गया। वर्तमान में कटाई का सीजन होने के कारण किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है।
ड्रोन से निगरानी और पिंजरा लगाने की तैयारी
डीएफओ विजयनथम टीआर ने क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन स्क्वाड टीम को तैनात किया गया है। वन विभाग की टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश कर रही है। संवेदनशील इलाकों में पिंजरा लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों के लिए सुरक्षा निर्देश
वन विभाग ने मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डीएफओ ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अकेला खेत की ओर न जाए और रात के समय विशेष सावधानी बरते। विभाग की टीम निरंतर इलाके में गश्त कर रही है ताकि वन्य प्राणी को सुरक्षित रेस्क्यू कर आबादी क्षेत्र से दूर भेजा जा सके।
