गंभीर डेम में अब 10 दिन का पानी शेष, यशवंत सागर ओव्हर फ्लो होने के बाद ही स्थिति सुधरेगी

उज्जैन में जल संकट गहराया गंभीर डेम

उज्जैन, अग्निपथ। शहर के गंभीर डेम में अब कुल 10 दिन का पानी शेष बचा हुआ है। जिसके चलते लोगों की पेशानियों पर बल पडऩे लगे हैं। हालांकि उज्जैन और इंदौर में बारिश का दौर शुरु हो गया है, लेकिन जब तक इंदौर और देवास का पानी डेम में जमा नहीं होता है, तब तक जलसंकट की स्थिति बनी रहेगी। इधर आज दोपहर 12 बजे महापौर सहित एमआईसी सदस्य भगवान बिल्केश्वर को मनाने गंभीर डेम की ओर रवाना होंगे।

शनिवार की शाम तक गंभीर डेम का लेवल 190 एमसीएफटी था। इसमें से 100 डेड स्टोरेज का पानी है। इस तरह गंभीर में 90 एमसीएफटी पानी जलप्रदाय के लिये शेष बचा हुआ है, जोकि 10 दिन तक चलेगा। इधर जलकार्य समिति प्रभारी प्रकाश शर्मा का कहना है कि यशवंत डेम के सायफन खुलने के बाद ही जलसंकट से निपटने की स्थिति निश्चित हो पायेगी।

उन्होंने उज्जैन में हो रही बारिश को लेकर कहा कि इतनी बारिश से कुछ नहीं होगा, जोभी होगा इंदौर और देवास से आये जलजमाव के बाद ही शहरवासियों को जलसंकट से मुक्ति मिल पायेगी। इधर आज महापौर और एमआईसी सदस्य गंभीर डेम स्थित बिल्केश्वर महादेव से जलसंकट से मुक्ति की प्रार्थना को लेकर दोपहर 12 बजे डेम पहुंचेंगे।

मानसून हुआ मेहरबान, महाकाल लोक में जलभराव

उज्जैन शहर पर शनिवार को भी मानसून मेहरबान हुआ और सुबह करीब 8.30 बजे शुरू हुई तेज बारिश दो घंटे तक लगातार होती रही। बारिश से महाकाल लोक के पास नाला जाम हो गया, जिससे महाकाल लोक के प्रवेश द्वार पर नंदी द्वार के सामने करीब एक घंटे तक गंदे पानी का भराव रहा। कई भक्तों ने इसी पानी में से आना जाना किया और वो नगर निगम को इसका जिम्मेदार बताते रहे। निगम की टीम को भी पानी निकालने में घंटों लगे।

शहर में शुक्रवार रात से बारिश शुरू हुई और करीब एक घंटे में पौने दो इंच बारिश होने से रात में ही कई जगह पर जल भराव की स्थिति बन गई। शनिवार सुबह से बारिश का मौसम बना रहा और दोपहर में बादल बरसे तो लोगों के चेहरे खिल उठे। इससे कई लोगों को मुसीबत का सामना भी करना पड़ा।

जीवाजीराव वेधशाला के अधीक्षक राजेंद्र गुप्त ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम अभी दो-तीन दिन और एक्टिव रहेगा। इससे उज्जैन और आसपास के इलाकों में बारिश होगी। शहर में अब तक 321 मिमी बारिश हो चुकी है। शनिवार सुबह भी करीब डेढ़ इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। जिसके कारण शहर के एटलस चौराहा, केडी गेट, नीलगंगा क्षेत्र और इंदौर गेट चौराहे पर कई जल भराव की स्थिति बनी।

बेगम बाग एवं गरीब नवाज कॉलोनी में जल भराव

शहर में बारिश का दौर शुक्रवार शाम से प्रारंभ हुआ जो करीब 1 घंटे तक तेज चलता रहा। अत्यधिक वर्षा के कारण महाकाल लोक के चैंबर ओव्हर फ्लो हो गये थे, जिसके चलते बेगम बाग स्थित बेगम बाग कॉलोनी एवं गरीब नवाज कॉलोनी में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिससे क्षेत्र के रहवासियों को समस्या हो रही थी। अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह के निर्देशन एवं उपायुक्त संजेश गुप्ता एवं योगेंद्र पटेल के नियंत्रण में निगम अमले द्वारा तत्काल उक्त समस्या के समाधान के लिए रात्रि में ही अपने संसाधनों का उपयोग करते हुए जेसीबी मशीन के माध्यम से महाकाल लोक स्थित त्रिनेत्र कंट्रोल रूम के सामने बने चेंबर की सफाई करना प्रारंभ किया गया जो कि शनिवार दोपहर 3 बजे तक सतत रूप से जारी रहा।

Next Post

शाजापुर में दर्दनाक सड़क हादसा, चार्टर्ड बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत

Mon Jul 28 , 2025
शाजापुर, अग्निपथ। जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को घायल अवस्था में मोहन बड़ोदिया के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। […]
मौत

Breaking News