बड़ौद, अग्निपथ। तहसील के ग्राम सुदवास निवासी 45 वर्षीय भेरूलाल पिता शिवनारायण की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। भेरूलाल रविवार को अपनी बहन के घर राजस्थान के ग्राम सरवर (थाना नागेश्वर उन्हेल) में आयोजित एक भजन संध्या के कार्यक्रम में शामिल होने गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, वह रात को ही मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव सुदवास के लिए निकला था। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। चिंतित परिजनों ने जब बहन के यहाँ पूछताछ की, तो पता चला कि वह रात को ही निकल चुका है। इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने रातभर अलग-अलग टीमें बनाकर उसकी तलाश की।
तलाश के दौरान रात करीब 3:30 बजे भेरूलाल ग्राम सरवर के पास सड़क किनारे अपनी ही मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ मिला। परिजन तुरंत उसे बड़ौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चूंकि मामला राजस्थान के झालावाड़ जिले के नागेश्वर उन्हेल थाना क्षेत्र का था, इसलिए मृतक के भाई ने वहां की पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नागेश्वर उन्हेल थाने से प्रधान आरक्षक गोवर्धनलाल दांगी और आरक्षक अनिल कुमार बड़ौद पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
