चंद्रप्रभु और पार्श्वनाथ जी के जन्म-तप कल्याणक पर सुसनेर में भव्य रथ यात्रा

बॉलीवुड गायिका खुशबू जैन ने दी प्रस्तुति

सुसनेर, अग्निपथ। सोमवार को जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ जी और 8वें तीर्थंकर भगवान चंद्रप्रभु जी के जन्म एवं तप कल्याणक के अवसर पर, नगर में भव्य वार्षिक रथ यात्रा शोभायात्रा निकाली गई। यह आयोजन गणधर मुनि श्री विवर्धन सागर जी के सानिध्य में सकल दिगम्बर जैन समाज एवं जैन युवा संगठन के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

सुबह नगर के जैन मंदिरों में भगवान का अभिषेक, शांतिधारा व नित्य नियम पूजन के साथ जन्म कल्याणक का विशेष पूजन किया गया। उसके बाद सुबह 10 बजे नगर के इतवारिया बाजार से शोभायात्रा की शुरुआत हुई।

रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण

  • रथ में भगवान पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा विराजमान कर निकाली गई।
  • हाथी पर सौधर्म इंद्र इंद्राणी बने विक्रांत एवं यशिका जैन भगवान के बाल स्वरूप को लेकर सवार हुए।
  • उदयपुर की मशहूर सिंगर राजनंदिनी के भजनों पर समाजजन नृत्य करते हुए भक्ति में लीन होकर शामिल हुए।
  • नगर में जगह-जगह सभी धर्म एवं समाजजनों द्वारा भगवान की आरती एवं पूजन कर शोभायात्रा की अगवानी की गई। इस दौरान पूरे नगर में प्रसादी का वितरण किया गया।

खड्गासन त्रिमूर्ति प्रतिमाओं का महामस्तकाभिषेक

शोभायात्रा का समापन नेशनल हाईवे स्थित त्रिमूर्ति मंदिर में धर्मसभा के साथ हुआ। मुनि श्री विवर्धन सागर जी ने उपस्थित समाजजनों को संबोधित किया। रथ में विराजित प्रतिमा का अभिषेक शिखर कुमार हेमराज जैन उज्जैन ने किया। भगवान आदिनाथ, भरत और बाहुबली जी की खड्गासन त्रिमूर्ति प्रतिमाओं का प्रथम महामस्तकाभिषेक प्रेमचंद जैन फूलचंद जैन जिनवाला, विशाल कुमार चाँदमल जैन कोर्टवाल, व अनिल कुमार कमलेश कुमार जैन एसएम परिवार ने किया।

बॉलीवुड गायिका खुशबू जैन ने दी भजनों की प्रस्तुतियाँ

रात्रि में तीर्थंकरों के बाल स्वरूप को पालना झुलाया गया। मन्दिर परिसर में ‘एक शाम पार्श्व प्रभु के नाम’ संगीत निशा का आयोजन हुआ। इसमें बॉलीवुड की पार्श्व गायिका खुशबू जैन मुंबई एवं अंकित जैन म्युजिकल ग्रुप द्वारा एक से बढ़कर एक धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियाँ दी गईं।

कार्यक्रम के समापन पर वात्सल्य भोज हुआ। रथ पुनः शुक्रवारिया चौराहा लाया गया और सभी जैन मंदिरों में भगवान की महाआरती की गई। इस कार्यक्रम में नगर सहित बड़ी संख्या में राजस्थान व मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से आए श्राद्धालु उपस्थित रहे। जानकारी त्रिमूर्ति मन्दिर ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी दीपक जैन पत्रकार ने दी।

Next Post

भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा द्वारा लैंड पूलिंग एक्ट को लेकर अपनी ही सरकार की खिलाफत

Mon Dec 15 , 2025
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने कहा- पत्र लिखने की जगह किसानों के साथ सडक़ों पर आएं विधायक उज्जैन, अग्निपथ। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए ‘लैंड पूलिंग एक्ट’ के विरोध में किसान 26 दिसंबर से विशाल विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। इस बड़े किसान आंदोलन से ठीक पहले, भाजपा […]

Breaking News