टी-20 विश्व कप की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में संजू और बुमराह समेत चार भारतीय शामिल

नईदिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कौंसिल (आईसीसी) ने सोमवार को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की सर्वश्रेष्ठ ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ की घोषणा कर दी है। विश्व चैंपियन भारतीय टीम का दबदबा इस सूची में भी बरकरार है, जिसमें भारत के चार दिग्गज खिलाडिय़ों को जगह मिली है। संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इस खास एकादश में अपना नाम दर्ज कराया है। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को टीम का ओपनर चुना गया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल तक ले जाने वाले एडेन मार्करम को इस विश्व टीम की कमान सौंपी गई है।

संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

इस टूर्नामेंट के सबसे चमकते सितारे संजू सैमसन रहे हैं। उन्हें टीम में बतौर ओपनर और विकेटकीपर शामिल किया गया है। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले संजू ने महज पांच पारियों में 321 रन कूट दिए। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन के बाद फाइनल में न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेली गई 89 रनों की पारी ने इतिहास रच दिया। यह टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

ईशान किशन और हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन

भारतीय टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे ईशान किशन ने 317 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 193.29 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन और फाइनल की अर्धशतकीय पारी यादगार रही। वहीं हार्दिक पंड्या ने अपने ऑलराउंड खेल से प्रभावित किया। उन्होंने न केवल दो अर्धशतक जड़े, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में 9 महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए।

जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी

दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आठ मैचों में 14 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। फाइनल मुकाबले में उनके 4 विकेटों ने भारत की जीत सुनिश्चित की, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उनके साथ गेंदबाजी आक्रमण में दक्षिण अफ्रीका के लुंगी एनगिडी और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को भी शामिल किया गया है।

विदेशी सितारों का जमावड़ा और दिग्गजों की विदाई

टीम में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को टॉप स्कोरर होने के नाते जगह मिली है। इंग्लैंड से विल जैक्स और आदिल राशिद, जबकि वेस्टइंडीज से जेसन होल्डर को शामिल किया गया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती जैसे इन-फॉर्म खिलाडिय़ों को जगह नहीं मिली। वहीं फाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया का कोई भी खिलाड़ी इस टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हो सका। अमेरिका के शैडली वैन शाल्कविक को 12वें खिलाड़ी के रूप में रखा गया है।