ट्रेंचिंग ग्राउंड में गोवंश के अवशेष मिलने पर विवाद, गौ सेवकों और निगम कर्मियों में मारपीट

दो घटनाओं में 8 लोग घायल

देवास, अग्निपथ। देवास शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर गोवंश के मृत अवशेष और चमड़ी खुले में मिलने के बाद गंभीर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इस मामले को लेकर गौ सेवकों और नगर निगम कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। घटना की जानकारी मिलने पर गौ सेवा संस्था से जुड़ी सिया सिंह परिहार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँची थीं।

गौ सेवकों और निगम कर्मियों ने दर्ज कराई क्रॉस एफआईआर

सिया सिंह परिहार ने आरोप लगाया कि वे केवल स्थिति का जायजा लेने गई थीं, किंतु वहां मौजूद नगर निगम कर्मचारियों और उनके साथियों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। उन्होंने नाहर दरवाजा थाने में मामला दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, नगर निगम के दरोगा शैलेंद्र सोलंकी ने गौ सेवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। सोलंकी का कहना है कि वे ग्राउंड पर गायों को दफनाने और अवशेष उठाने का कार्य कर रहे थे, तभी उनके साथ अभद्रता की गई। नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सिंह सोलंकी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।

00000

ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदहाली पर गरमाया माहौल, शिवसेना ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग

देवास, अग्निपथ।

नगर निगम क्षेत्र के ट्रेंचिंग ग्राउंड में गोवंश के अवशेष मिलने के विरोध में शिवसेना ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में बड़ी संख्या में गोवंश के मृत शरीर खुले में पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें कुत्ते नोच रहे हैं। यह दृश्य न केवल पीड़ादायक है, बल्कि इससे आमजन की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।

नियमों के उल्लंघन और लापरवाही का आरोप

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि नियमानुसार मृत गोवंश को विधिवत भूमि में दफनाया जाना चाहिए, किंतु नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण नियमों का सरेआम उल्लंघन हो रहा है। खुले में पड़े अवशेषों के कारण आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, जो स्वास्थ्य और सुरक्षा की दृष्टि से नागरिकों के लिए खतरा है। 24 फरवरी को जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता व्यवस्था देखने पहुंचे, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया। शिवसेना ने कलेक्टर से मांग की है कि एक जांच समिति गठित कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

Breaking News