ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की हृदयाघात से मौत, साथियों ने सीपीआर दिया लेकिन नहीं बचा पाए

उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाने पर वारंट तामिली के लिए पदस्थ होमगार्ड जवान की सोमवार दोपहर ड्यूटी के दौरान थाना परिसर में ही मौत हो गई। साथियों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया लेकिन उनके प्राण निकल गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय हरिलाल मालवीय की मौत सोमवार दोपहर उस समय हुई, जब वे चिमनगंज मंडी थाने में ड्यूटी पर थे। घबराहट होने पर वे थाने के बाहर खुली हवा में आए और अचानक बेहोश होकर गिर गए। साथियों ने उन्हें आराम कुर्सी पर लेटाकर सीपीआर दिया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद साथी पुलिसकर्मी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवा के लिए किया था पुरस्कृत

होमगार्ड कमांडर संतोष जाट ने बताया कि जवान हरिलाल चिमनगंज मंडी थाने में वारंट तामील का काम देखते थे। वे मूल रूप से पीपली नाका के पास महावीर नगर के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। बेटा महाकाल मंदिर में फूल की दुकान लगाता है, जबकि बेटी मेधावी छात्रा है।

दिवंगत हरिलाल अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पहचाने जाते थे। पिछले वर्ष 6 दिसंबर को भोपाल में होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए 40 हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित भी किया था। विभाग द्वारा अब उनके बेटे को अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी।

Breaking News