खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को हुआ भारी नुकसान
नलखेड़ा, अग्निपथ। नगर में सोमवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज के कारण तेज हवा के साथ करीब आधा घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बह निकला। इस बारिश और इसके बाद चली ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने के समाचार प्राप्त हुए हैं। सोमवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा जमा हुआ था, जिसके बाद शाम करीब 5:00 बजे अचानक मौसम बदला और काले बादलों के साथ तेज हवा और बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गई।
बारिश का वेग इतना अधिक था कि राहगीर जहां थे, वहीं ठहर गए। लगभग आधे घंटे की इस तेज बारिश के बाद मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में चली तेज आंधी के कारण कई विशाल पेड़ धराशायी हो गए, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया था। ग्रामीणों ने स्वयं के प्रयासों से इन पेड़ों को रास्ते से हटाकर आवागमन पुनः सुचारू किया। समाचार लिखे जाने तक आसमान से रुक-रुक कर बूंदाबांदी का क्रम जारी था।
खेतों में कटी व खड़ी फसलों को पहुंचा नुकसान
बेमौसम हुई इस बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल आड़ी हो गई है, जिससे दाने खराब होने की आशंका है। इसके साथ ही किसानों का कहना है कि कई खेतों में लहसुन की फसल भी कट कर पड़ी हुई थी, जिसे अचानक आई इस बारिश से भारी क्षति पहुंची है। किसान अब अपनी मेहनत की फसल को बचाने की जद्दोजहद में जुटे नजर आ रहे हैं।
