उज्जैन, अग्निपथ। माकड़ौन थाना क्षेत्र स्थित आगर रोड पर घटिया और घोंसला के बीच नाकोड़ा पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार सुबह 6 बजे बाइक सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग और पंडित गंभीर घायल हुए हैं। एंबुलेंस ने उन्हें सुबह करीब 7 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसा शुक्रवार सुबह आगर रोड पर घटिया और घोंसला के बीच नाकोड़ा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। ग्राम टुकराल के रहने वाले तेजू पिता नाथूसिंह उम्र 65 साल की माता जी का देहावसान पिछले दिनों हो गया था। वे अपनी माता जी का दशाकर्म करने के लिए अपने गांव के पंडित शुभम पिता रणछोड़लाल को साथ लेकर उज्जैन के सिद्धवट पर आ रहे थे।
बाइक खुद पंडित शुभम चला रहे थे। जब वे घोंसला से आगे आए तो नाकोड़ा पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार कार ने लापरवाही पूर्वक उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को गम्भीर चोट आई है। वे सुबह करीब 6 बजे घर से निकले और कुछ ही देर बाद नाकोड़ा पेट्रोल पम्प के समीप हादसा हो गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस आई और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
