शाजापुर, अग्निपथ। नगर में पांच दिवसीय होली महोत्सव की परंपरा को सर्व हिंदू उत्सव समिति द्वारा बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया जा रहा है। जहाँ सुबह हुलियारों की टोलियां रंगों की मस्ती में डूबी रहती हैं, वहीं शाम ढलते ही सांस्कृतिक आयोजनों से मंच सज रहे हैं। बुधवार की शाम इंदौर के कलाकारों ने राधा-कृष्ण फाग की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि पूरा शाजापुर वृंदावन के रंग में रंगा नजर आया।
सर्व हिंदू उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी सुमित भावसार ने बताया कि 3 मार्च को होलिका दहन के बाद से ही उत्सव की धूम शुरू हो गई थी। बुधवार को इंदौर से आए ‘जय श्री महाकाल एंड डांस ग्रुप’ के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। राधा और भगवान श्री कृष्ण की होली पर आधारित नृत्य नाटिकाओं ने नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति इतनी जीवंत थी कि दर्शक भी अपनी जगह पर थिरकने को मजबूर हो गए। समिति के पदाधिकारियों की इस पहल की पूरे नगर में सराहना की जा रही है।
![]()
कवियों ने छोड़े हास्य और देशभक्ति के बाण
रविवार को रंगपंचमी तक चलने वाले इस उत्सव की अगली कड़ी में गुरुवार शाम कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान देवास के शशिकांत यादव, हास्य कवि मुन्ना बैटरी, इंदौर की प्रिया खुशबू और संजय खत्री जैसे दिग्गज कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांधा। कवियों ने जहाँ एक ओर हास्य कविताओं से लोगों को गुदगुदाया, वहीं दूसरी ओर देश के वर्तमान हालातों और देशभक्ति पर आधारित रचनाओं से दर्शकों के दिल जीत लिए। देर रात तक श्रोता इन कवियों को सुनने के लिए जमे रहे।
आज आर्केस्ट्रा ग्रुप बिखेरेगा सुरों का जादू
आयोजनों की इसी श्रृंखला में शुक्रवार को देवास के ‘यंग मेलोडियन आर्केस्ट्रा ग्रुप’ के कलाकारों द्वारा गीतों और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। समिति अध्यक्ष पं. आशीष नागर, संयोजक पं. गोविंद शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इन आयोजनों का आनंद लें और उत्सव को सफल बनाएं।
