शहर में दो अलग-अलग किसान अधिकार यात्रा निकलीं, नाराज कांग्रेसियोंं ने सभा से दूरी बनाई

किसान अधिकार यात्रा

उज्जैन, अग्निपथ। शुक्रवार को एमपी कांग्रेस ने किसान अधिकार यात्रा का आयोजन किया। इससे पहले चिमनगंज मंडी परिसर में सभा आयोजित हुई। लेकिन सृजन अभियान से नाराज कांग्रेस का दूसरे धड़े ने इनकी सभा से दूसरी बनाते हुए अपनी अलग ही किसान यात्रा निकाली। इन नाराज कांग्रेसियों द्वारा जिलाध्यक्ष बनाये गये महेश परमार का विरोध किया जा रहा था। एक सभा का आयोजन भी चामुंडा चौराहा पर किया गया, जिसमें सभी नाराज नेताओं ने अपनी जमकर भड़ास निकाली।

इधर चिमनगंज मंडी में आयोजित सभा में कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत कई नेताओं ने सरकार पर जमकर हमला बोला। सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चुनौती दी। पटवारी ने कहा- कांग्रेस पार्टी आने वाले 15 दिनों में अभियान चला रही है। जिस शहर में जहां भी गोमाता सडक़ पर नजर आएंगी वहां से कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें घेरकर कलेक्टर कार्यालय लेकर जाएंगे। यहां सारे कांग्रेसजन गोमाता की सेवा करेंगे।

रास्ते में ही छोड़ दी किसान यात्रा

सभा के बाद उज्जैन कृषि उपज मंडी गेट से किसान न्याय यात्रा शुरू हुई। जैसे ही यात्रा चामुंडा माता पहुंची, यहां एडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर को ज्ञापन दिया गया। इसके बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट, जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेता और विधायक महाकाल दर्शन के लिए रवाना हो गए। टावर चौक पर कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

गुना विधायक पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग

सभा के दौरान पीसीसी चीफ पटवारी ने गुना क्षेत्र के विधायक द्वारा दिए गए बयान पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने निर्वाचन आयोग में अपनी मर्जी से नियुक्ति की जिसके कारण देश का लोकतंत्र खतरे में है। पटवारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चोरी से वोट डलवाए।

आदिवासी, दलित और किसानों का हो रहा शोषण

किसान न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा- निर्वाचन आयोग संवैधानिक संस्था है। इसमें पारदर्शीता होना चाहिए। लेकिन इसमें भारी कमी है। वोट चोरी हो रही है। 11 साल से जो शासन चला रहे उन्हें कोई परवाह नहीं, एमपी में आदिवासी, दलित सबका शोषण हो रहा, किसान आत्महत्या कर रहे हैं। राहुल गांधी ने देश की जनता को वोट चोरी के बारे में दिखाया। आज खाद्य, बीज, बिजली पानी किसी भी बात की चिंता सरकार को नहीं है। मैं आश्वस्त करता हूं किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। जाती जनगणना, जीएसटी जैसे फैसले वापस लिए जाएगा।

कार्यकर्ताओं के साथ बैठे दिखे दिग्विजय सिंह

सभा के दौरान दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं के साथ पहली पंक्ति में बैठे हैं। वहीं बाकी वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। मंच पर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और गुना कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयवर्धन सिंह सहित कई नेता नजर आए। सभा से पहले दिग्विजय सिंह ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने कांग्रेस नेता भरत पोरवाल के घर पहुंचकर स्वल्पहार भी लिया।

परमार ने मिलने नहीं दिया वरिष्ठ कांग्रेसियों को

नगर निगम मुख्यालय के बाहर नाराज कांग्रेसियों ने मंच लगाकर वरिष्ठ कांग्रेसियों से मिलने की योजना बनाई थी, लेकिन विधायम महेश परमार को इसकी सूचना मिल गई थी। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसियों सचिन पायलेट, दिग्विजयसिंह सहित अन्य का मार्ग ही डायवर्ट करवा दिया। जिसके चलते नाराज कांगे्रसी अपनी बात नहीं रख पाये।

नाराज धड़े के नेताओं ने अलग से निकाली किसान अधिकार यात्रा

इधर सृजन अभियान अंतर्गत हाल ही में हुई जिला अध्यक्ष की नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस का एक धड़ा नाराज चल रहा है। किसान न्याय यात्रा के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल चिमनगंज मंडी से दूरी बनाते हुए अपना मंच नगर निगम कार्यालय के बाहर लगा लिया। उन्होंने किसान न्याय यात्रा अलग से निकलते हुए चामुंडा चौराहा स्थित सावन भादवा माता मंदिर पर एकत्रित होकर जनसभा की। यात्रा में बटुकशंकर जोशी महेश सोनी कैलाश बिसेन दीपक मेहर, रवि शुक्ला, पार्षद परमानंद मालवीय सहित अन्य कांग्रेसी जन मौजूद थे।

क्या कहा नाराज कांग्रेसियों ने

  • अब हमारे दो जिलाध्यक्ष नियुक्त कर लिये गये हैं। हम राहुल गांधी के उद्देश्य को आगे बढ़ाएंगे। हरीश चौधरी पर आरोप है कि जिलाध्यक्ष पद के लिये गाड़ी का लेनदेन किया है। इससे कार्यकर्ता नाराज हैं। हमको धमकी दी जा रही थी कि किसी भी कीमत पर अलग किसान यात्रा मत निकालो। हम सच्चा कांग्रेसी बनकर जनता के बीच जायेंगे और पार्टी के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। हम हेलीकॉप्टर वाले प्रत्याशियों की सेवा करने के लिए नहीं हैं।

चेतन यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता

  •  आज किसान यात्रा निकाली गई जिसमें वोट चोर…गद्दी छोड़ का नारा दिया गया। राहुल गांधी की मंशानुसार हमने भी भाजपा द्वारा किये जा रहे गलत कामों का विरोध किया। सृजन अभियान के अंतर्गत राहुल गांधीजी की इच्छा थी कि जिलाध्यक्ष पद के लिये महिला का भी नाम सामने आये। लेकिन क्या देखते हैं कि जो दावेदार नहीं थे। उनका नाम सामने आया। हम राहुल गांधी के साथ हैं।

– माया राजेश त्रिवेदी, कांग्रेस नेत्री

  • सभा में हजारों कार्यकर्ता एकत्रित हुए हैं। सभा करने का मुख्य कारण राहुल गांधी की बात पर विश्वास है। पिछले दिनों आये पर्यवेक्षक नदीम जावेद के सामने 11 दिन कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की गई। उनकी भावनाओं को लेकिन चुरा लिया गया। महेश परमार के अलावा दूसरे दलित नेताओं को मौका दिया जाना था। लोकसभा, विधानसभा, जिलाध्यक्ष सभी पद पर उनको ही दायित्व दे दिया गया। हम नेताओं के हाथ कांग्रेस को बिकने नहीं देंगे।

– हेमंत सिंह, कांग्रेस नेता

Next Post

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

Fri Sep 12 , 2025
सुसनेर, अग्निपथ। सुसनेर विधानसभा में कांग्रेस विधायक भेरू सिंह बापू परिवार के नेतृत्व में किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर एक विशाल धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह, और पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं […]
कांग्रेस का प्रदर्शन

Breaking News