रतलाम, अग्निपथ। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नामली क्षेत्र में दो सगी और चचेरी बहनों को बंधक बनाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने पहले नाबालिग और उसकी बड़ी बहन को बहला-फुसलाकर एक अगरबत्ती फैक्ट्री में बंधक बनाया और फिर रात भर उनके साथ हैवानियत की। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बातों के जाल में फंसाकर ले गया फैक्ट्री
घटना 25 मार्च की रात की है, जब 15 वर्षीय पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात करीब 9:30 बजे, जब दोनों बहनें घर के बाहर बैठी थीं, तभी आरोपी राजवीर कुमावत बाइक लेकर वहां पहुंचा। उसने पीड़िता को केवल 10 मिनट बात करने के बहाने साथ चलने के लिए राजी कर लिया। आरोपी दोनों को बाइक पर बैठाकर नौगावां-पल्दूना रोड पर स्थित एक अगरबत्ती फैक्ट्री ले गया, जहां उसके दो अन्य साथी सुमित जाट और पवन जाट पहले से ही मौजूद थे।
अलग-अलग कमरों में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के बयान के अनुसार, फैक्ट्री पहुंचने के बाद राजवीर उन्हें अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर चला गया। इसके बाद सुमित जाट छोटी बहन को एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरी ओर पवन जाट ने बड़ी बहन को दूसरे कमरे में बंधक बनाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, आरोपी उन्हें बाद में एक अन्य घर पर ले गए और वहां भी फिर से वारदात को अंजाम दिया।
डर और धमकियों के बीच टूटी चुप्पी
घटना के बाद दोनों बहनें किसी तरह वापस लौटीं, लेकिन आरोपियों की खौफनाक धमकियों के कारण वे दो दिनों तक चुप रहीं। शुक्रवार रात जब उनका सब्र का बांध टूटा, तो उन्होंने परिजनों को आपबीती सुनाई। शनिवार को एसडीओपी किशोर पाटनवाला और नामली पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अब फैक्ट्री संचालक देव सोनावा की भूमिका की भी जांच कर रही है कि उसकी जानकारी के बिना फैक्ट्री में यह सब कैसे हो रहा था।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने राजवीर, सुमित और पवन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस घटना ने इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है और पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
