सीहोर, अग्निपथ। सीहोर जिले के थाना सिद्दीकगंज अंतर्गत ग्राम धरमपुरी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपी कमलसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 6 मार्च को वन भूमि के पुराने विवाद और रंजिश के चलते परीक्षा देने जा रहे कुलदीप और शीतल की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर थाना सिद्दीकगंज पुलिस इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
रंजिश में भाई-बहन की हुई थी हत्या
घटना के मूल में वन भूमि का पुराना विवाद और लड़के के एक्सीडेंट की रंजिश थी। इसी के चलते आरोपियों ने घात लगाकर जगदीश के पुत्र कुलदीप और पुत्री शीतल पर हमला किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही मुख्य आरोपी हरीसिंह मालवीय, उसके पुत्र हेमंत उर्फ संजू, पत्नी सेवंता बाई और पुत्रवधू हेमलता बाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया फरार आरोपी
आरोपी कमलसिंह पिता उमरांवसिंह गुणवान निवासी खजूरिया कासम घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 मार्च 2026 को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
