धार जिले के 4 लाख 84 हजार उपभोक्ताओं की जेब पर मार
धार, अग्निपथ। ईरान-इजराइल युद्ध के चलते व्यावसायिक गैस टंकियों की आपूर्ति बाधित होने लगी है। कंपनियों ने इनकी बुकिंग और डिलीवरी रोक दी है, जिससे जिले की करीब 10 हजार होटलों और छोटे दुकानदारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। दूसरी ओर, केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी सिलेंडरों के दामों में की गई भारी वृद्धि ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। जिले के 4 लाख 84 हजार उपभोक्ताओं की जेब पर मार्च माह में लगभग 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। ईंधन के दाम बढ़ने से आने वाले दिनों में माल ढुलाई और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी उछाल आने की आशंका है।
आम आदमी की थाली और बजट पर संकट
घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की सीधी बढ़ोतरी से गृहणियों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। झाबुआ जिला सहकारी थोक उपभोक्ता भंडार के माध्यम से जिले के लाखों उपभोक्ताओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा। घरेलू गैस के लिए बुकिंग की समयावधि अब 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है और डिलीवरी मिलने में भी 7 दिन तक का समय लग रहा है। बिना कनेक्शन वाले छात्र और नौकरीपेशा लोग, जो ब्लैक में टंकी लेते थे, उनके लिए भी स्टॉक खत्म होने से मुश्किलें बढ़ गई हैं।
होटल और रेस्टोरेंट में बढ़ेंगे दाम
व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों में 115 रुपये का बड़ा इजाफा हुआ है। इससे रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों ने खाने की थाली के दाम बढ़ाने या मात्रा कम करने के संकेत दिए हैं। जिले में व्यावसायिक गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है और वर्तमान स्टॉक खत्म होने के बाद बड़े होटलों की स्थिति भी विकट हो सकती है। प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जबकि खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे घबराकर स्टॉक न करें।
एक नजर में नई दरें और आंकड़े
| श्रेणी | पुराना भाव | नया भाव | वृद्धि |
| घरेलू सिलेंडर (14.2 किग्रा) | 897.50 रुपये | 957.50 रुपये | 60 रुपये |
| कमर्शियल सिलेंडर (19 किग्रा) | 1919.50 रुपये | 2034.50 रुपये | 115 रुपये |
फैक्ट फाइल:
कुल उपभोक्ता: 4 लाख 84 हजार
पीएम उज्ज्वला कनेक्शन: 2 लाख 34 हजार
कोई संकट की बात नहीं
घरेलू टंकी के उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी प्रकार का संकट नहीं है। आवश्यकतानुसार सभी को टंकी डिलीवर की जाएगी। जितनी जरूरत हो उतनी ही बुकिंग कराए। किसी प्रकार का स्टाक नहीं करें। कालाबाजारी और रिफिलिंग करने वालों की जानकारी विभाग दो। –श्रीराम बर्डे खाद्य आपूर्ति अधिकारी धार।
बढ़ोतरी के साथ नहीं मिली रहा सिलेंडर
कमर्शियल सिलेंडर पर आरएस 115 की बढ़ोतरी से छोटे व्यापारियों की कमर टूट जाएगी। साथ ही ईरान युद्ध के कारण ऊपर से सिलेंडर को डिलेवरी समय पर नहीं हो पा रही हे। इधर मार्च की शुरुआत में भी दाम बढ़े थे और अब फिर से झटका लगा है। अगर खाने की वस्तुओं के दाम बढ़ाते हैं। -दीपक अग्रवाल, होटल संचालक
