धार में प्रदेश स्तरीय कर्मचारी मिलन समारोह संपन्न, ‘समान कार्य-समान वेतन’ पर बनी रणनीति

धार, अग्निपथ। मध्य प्रदेश वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण कर्मचारी संघ इंदौर वृत्त द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय कर्मचारी मिलन समारोह में वन विभाग के कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वेतन विसंगतियों को दूर करने और वनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर भविष्य की रूपरेखा तैयार की गई। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वन अधिकारी महासंघ के संयोजक कमल यादव ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

वेतन विसंगति और वन प्रबंधन पर चर्चा

समारोह का मुख्य केंद्र बिंदु प्रदेश में लागू 70%, 80% और 90% वेतन प्रणाली रही। उपस्थित वक्ताओं और पदाधिकारियों ने इस व्यवस्था को कर्मचारी विरोधी बताते हुए इसे तुरंत हटाने की मांग की। चर्चा के दौरान सर्वसम्मति से ‘समान कार्य-समान वेतन’ के सिद्धांत को लागू करवाने हेतु ठोस रणनीति तैयार की गई। इसके अतिरिक्त, वनों के विकास, वन्य प्राणी संरक्षण और वन प्रबंधन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विभिन्न संगठनों की एकजुटता

इस सम्मेलन में वन विभाग के साथ-साथ अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चेतन आर्य, प्रांतीय सचिव दीपक बेदी और इंदौर, झाबुआ व अलीराजपुर के जिला अध्यक्षों सहित अजाक्स, अपाक्स, लघु वेतन संघ और पटवारी संघ के जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। संभागीय अध्यक्ष नरपत कलेश ने अपने स्वागत भाषण में कर्मचारियों की एकजुटता को समय की मांग बताया।

धार जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी और उनकी टीम (सचिव अनिल हरोड़, महामंत्री आशीष शर्मा, कोषाध्यक्ष आकाश बडेरा) द्वारा कार्यक्रम का सफल संयोजन किया गया। संचालन पीटीआई सरदारपुर अश्विन दीक्षित ने किया, जबकि पूर्व संभागीय अध्यक्ष विनोद राठौर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Next Post

धार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध नीम की लकड़ी जब्त

Mon Mar 2 , 2026
धार, अग्निपथ। वनमंडलाधिकारी एल. सुधाकर के मार्गदर्शन में धार और सरदारपुर की संयुक्त टीम ने लकड़ी तस्करों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। बदनावर-धार मार्ग पर घेराबंदी कर विभाग ने भारी मात्रा में अवैध रूप से ले जाई जा रही नीम की लकड़ी जब्त की है। विशेष बात […]

Breaking News