नई चेतना अभियान: धार में ‘लखपति दीदी’ संवाद और पतंग महोत्सव की धूम

धार, अग्निपथ। मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में जिले भर में ‘नई चेतना अभियान 4.0: हौसलों की उड़ान’ के अंतर्गत भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में आयोजित इस तीन दिवसीय उत्सव के दौरान लखपति दीदी संवाद और मकर संक्रांति के अवसर पर तिल-गुड़ संग पतंग महोत्सव मनाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज में जेंडर समानता के प्रति जागरूकता फैलाना है।

आत्मनिर्भरता की कहानियों से मिली प्रेरणा

अभियान के तहत जिले के 13 विकासखंडों के 41 संकुलों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 2000 से अधिक लखपति दीदियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने संघर्षों के बीच अपनी पहचान बनाई और अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की। इन दीदियों ने अन्य महिलाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें कम से कम दो आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

आसमान में उड़ी महिला सशक्तिकरण की पतंग

मकर संक्रांति के अवसर पर नदी घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर पतंग महोत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान महिलाओं ने तिल-गुड़ बांटकर खुशियां साझा कीं और पतंग उड़ाकर अपनी स्वतंत्रता व आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। समता सखियों ने सावित्रीबाई फुले के जीवन प्रसंगों के माध्यम से महिलाओं को एकता और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। विभिन्न खेलों के जरिए विपरीत परिस्थितियों में भी सकारात्मक रहने का संदेश दिया गया।

मार्च 2026 तक का लक्ष्य और स्वास्थ्य शिविर

प्रशासन ने लक्ष्य रखा है कि मार्च 2026 तक जिले की शेष संभावित लखपति दीदियों की बिजनेस कार्ययोजना तैयार कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाए। इसी कड़ी में 15 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें समूह की महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में जिला परियोजना प्रबंधक प्रमोद दुसाने सहित मिशन का पूरा स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

Next Post

भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर का बड़ा खुलासा: 2 करोड़ की मांग और हनी ट्रैप की साजिश

Wed Jan 14 , 2026
धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने लगाया गंभीर आरोप धार, अग्निपथ। धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर ने एक सनसनीखेज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए खुद को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश का पर्दाफाश किया है। विधायक ने आरोप लगाया कि एक महिला और उसके साथी आसिफ अली ने मिलकर […]

Breaking News